तीसरे जुमे पर मस्जिदों में उमड़े नमाजी, अमन चैन की मांगी दुआ

✍🏻रिपोर्ट– आमिर हसन सिद्दीकी

उतरौला(बलरामपुर)। शहर व देहात क्षेत्र की मस्जिदों में रमजान के तीसरे जुमे की नमाज अदा की गई। इस दौरान रोजेदारों ने देश में अमन चैन और भाईचारे की दुआ मांगी।

पाक माह रमजान के तीसरे जुमे पर उतरौला नगर की बड़ी मस्जिद, चांद मस्जिद, रजा मस्जिद, मदीना मस्जिद, मकबूल मस्जिद, गौसिया मस्जिद, महदेईया बाजार की सुन्नी जामा मस्जिद सहित आदि प्रमुख मस्जिदों में नमाज के लिए अकीदतमंद उमड़ पड़े। निर्धारित समय पर नमाज अदा की गई।

इस दौरान सभी मस्जिदों में जुमे की नमाज से पहले पेश इमामों ने पवित्र माह रमजान में रोजा रखने व अल्लाह की इबादत करने के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रमजान माह में ज्यादा से ज्यादा इबादत करनी चाहिए। रमजान माह के तीनों अशरों के बारे में रोजेदारों को जानकारी दी गई। बताया गया कि रमजान के आखिरी अशरे में एतेकाफ करना चाहिए और यह 20वें रोज की शाम मगरिब की नमाज के साथ शुरू होकर ईद का चांद देखकर खत्म होता है। हमारी कोशिश रहनी चाहिए कि हर मस्जिद में एतेकाफ हो। रमजान मुबारक के तीसरे जुमे में लोगों ने नमाज अदा कर अपने गुनाहों की माफी, देश में अमन चैन, खुशहाली, भाईचारे की मजबूती और बीमारियों से निजात की अल्लाह से दुआएं मांगी।

रमजान के जुमे की नमाज को लेकर विभिन्न मस्जिदों में पुख्ता इंतजाम किए गए। इस दौरान मस्जिदों के आसपास साफ सफाई की व्यवस्था कराई गई। नमाजियों के बैठने के लिए कालीन की व्यवस्था, वजू करने के लिए पानी तथा धूप से बचने के लिए टेंट आदि की व्यवस्था की गई थी। वहीं विभिन्न मस्जिदों के पास शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस के जवान तैनात रहें।

Share