शुजागंज (अयोध्या)। शुजागंज बाजार में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। चौकी प्रभारी अभिषेक सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे वाहन चेकिंग अभियान से नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस टीम ने अभियान के दौरान 10 वाहनों का चालान किया, जबकि नियमों का उल्लंघन करने पर एक बाइक को सीज कर दिया गया। चौकी प्रभारी अभिषेक सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम ने शुजागंज बाजार एवं आसपास के प्रमुख मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बिना हेलमेट बाइक चलाने, तेज रफ्तार से वाहन दौड़ाने तथा यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस की इस सक्रियता से बाजार में वाहन चालकों के बीच अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। मॉडिफाइड साइलेंसर वालों पर भी पुलिस की नजर क्षेत्र में इन दिनों मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज आवाज में बाइक चलाने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इसे गंभीरता से लेते हुए चौकी प्रभारी अभिषेक सिंह ने ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि तेज आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर न केवल ध्वनि प्रदूषण बढ़ाते हैं, बल्कि आम लोगों को भी परेशानी होती है। ऐसे वाहनों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियम तोड़ने वालों पर जारी रहेगी कार्रवाई चौकी प्रभारी अभिषेक सिंह ने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग यातायात नियमों का पालन करें। बाइक चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं और वाहनों में प्रतिबंधित मॉडिफाइड साइलेंसर का प्रयोग न करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ किसी भी हाल में लापरवाही नहीं बरती जाएगी और चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।
पूरी ख़बरें देखें — News Update