22 दिसंबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची जमशेदपुर, झारखंड। जिला उपायुक्त राजीव रंजन ने एसडीओ एवं अन्य संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के संशोधित कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान मतदाता सूची के पुनरीक्षण से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी प्रक्रियाओं को पूरा करने पर जोर दिया गया। बैठक में उपायुक्त ने बताया कि संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 15 दिसंबर 2026 तक नोटिस एवं दावा-आपत्तियों के निष्पादन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। वहीं, 22 दिसंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने के लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों को गंभीरता से कार्य करने की आवश्यकता है। विशेष रूप से यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि कोई भी योग्य नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे। इसके लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का समयबद्ध निष्पादन किया जाए। उपायुक्त ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दल अपने स्तर से व्यापक प्रचार-प्रसार करें, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों को विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के संशोधित कार्यक्रम एवं संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी मिल सके। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से मतदाताओं के बीच जागरूकता बढ़ाने तथा योग्य नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने में प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया। बैठक में उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को पुनरीक्षण कार्यक्रम की समय-सीमा एवं आवश्यक प्रक्रियाओं से अवगत कराया गया।
पूरी ख़बरें देखें — News Update