उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने किया विभिन्न बूथों का निरीक्षण रायबरेली। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर संचालित उत्तर प्रदेश की विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत जनपद रायबरेली के समस्त विधानसभा क्षेत्र के मतदेय स्थलों पर 28 एवं 29 विशेष अभियान दिवस आयोजित जा रहे हैं। अभियान के दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने बूथों पर उपस्थित रहकर मतदाता सूची में नामों की जांच, नए मतदाताओं के पंजीकरण तथा नामों में संशोधन एवं विलोपन से संबंधित आवेदन प्राप्त किया जा रहे। इसी क्रम में पर्यवेक्षण के लिए अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी अमित कुमार ने जनपद के विधानसभा क्षेत्र 180-रायबरेली के विभिन्न मतदान केंद्रों का भ्रमण कर विशेष अभियान की प्रगति का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने प्राथमिक विद्यालय बेला टिकई के बूथ संख्या 325, 326, जूनियर हाईस्कूल बेलाभेला के बूथ संख्या 328, 339, 340 एवं 341 तथा पूर्व माध्यमिक मुंशीगंज के बूथ संख्या 212 एवं 213 का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बीएलओ द्वारा अब तक प्राप्त एवं ऑनलाइन किए गए विभिन्न प्रकार के प्रपत्रों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने नए मतदाताओं के पंजीकरण, मतदाता सूची में नाम एवं विवरण संशोधन तथा मृतक एवं स्थायी रूप से अन्यत्र स्थानांतरित हो चुके मतदाताओं के नामों के सत्यापन और संबंधित प्रपत्रों की स्थिति की समीक्षा की। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बीएलओ एवं सुपरवाइजर को निर्देशित किया कि वोटर लिस्ट का वर्तमान मतदाता सूची से मिलान किया जाए, ताकि छूटे हुए पात्र मतदाताओं, मृतक एवं स्थानांतरित मतदाताओं की सही स्थिति का पता लगाया जा सके। प्राप्त सभी प्रपत्रों को समय से ऑनलाइन अपलोड करने के साथ निर्धारित रजिस्टर में भी नियमित रूप से अंकित किया जाए, जिससे आवेदन संबंधी अभिलेखों का सुव्यवस्थित रखरखाव हो सके। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों, बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए), ग्राम प्रधानों एवं सुपरवाइजरों का सहयोग लिया जाए। इनके माध्यम से गांवों एवं संबंधित क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार कराते हुए नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम जांचने और आवश्यकतानुसार आवेदन करने के लिए जागरूक किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन पात्र नागरिकों के पास आधार कार्ड उपलब्ध नहीं है, उनके आवेदन अन्य निर्धारित वैकल्पिक दस्तावेजों जैसे ड्राइविंग लाइसेंस, राशन कार्ड, पैन कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र एवं निवास प्रमाण पत्र आदि के आधार पर नियमानुसार प्राप्त किए जाएं।
पूरी ख़बरें देखें — News Update