दो आरोपितों के घर से भारी मात्रा में शराब, खाली बोतलें, नकली स्टीकर और ढक्कन बरामद पुलिस की छापेमारी में 29 लीटर से अधिक शराब जब्त, नकली ब्रांडेड शराब तैयार कर बाजार में खपाने की थी तैयारी सरायकेला-खरसावां, झारखंड। सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खरसावां थाना क्षेत्र में नकली शराब बनाने, भंडारण करने और उसकी खरीद-बिक्री करने के कथित कारोबार का खुलासा किया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर दो आरोपितों के घरों से विभिन्न ब्रांडों की शराब, बड़ी संख्या में खाली शराब की बोतलें, नकली ब्रांडेड स्टीकर, ढक्कन और बारकोड सहित अन्य सामान बरामद किया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। पुलिस के अनुसार, खरसावां थाना कांड संख्या 60/2026, दिनांक 27 नवंबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2), 272, 274 एवं 275 तथा झारखंड उत्पाद अधिनियम 1915 की धारा 47(ए), 47(डी), 47(एफ), 52 एवं 55 के तहत मामला दर्ज किया गया है। गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस ने उसका सत्यापन किया और आवश्यक कार्रवाई करते हुए पदमपुर टोला बेदिया साई निवासी दो सगे भाइयों के घरों में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान प्राथमिकी अभियुक्त नारायण बांदिया (36 वर्ष) एवं सुनील बांदिया (31 वर्ष), दोनों पिता तुरी बांदिया, के घरों से अवैध शराब एवं नकली शराब तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की गई। पहले आरोपित के घर से शराब और नकली पैकेजिंग सामग्री बरामद पुलिस ने नारायण बांदिया के घर की तलाशी के दौरान रॉयल झारखंड, मैकडॉवेल्स नंबर-1, रॉयल चैलेंजर, रॉयल स्टैग एवं गॉडफादर बीयर सहित विभिन्न ब्रांडों की कुल 14 लीटर 460 मिलीलीटर शराब बरामद की। इसके अलावा रॉयल स्टैग की 65 खाली बोतलें, रॉयल चैलेंजर की 43 खाली बोतलें, विभिन्न आकार की अन्य खाली बोतलें, रॉयल स्टैग डीलक्स के स्टीकर, बारकोड का बंडल तथा रॉयल स्टैग, रॉयल चैलेंजर एवं किंग्स गोल्ड लिखे ढक्कन भी जब्त किए गए। दूसरे आरोपित के घर से भी नकली शराब बनाने की सामग्री मिली वहीं, सुनील बांदिया के घर की तलाशी के दौरान आइकॉनिक व्हाइट, रॉयल चैलेंजर, रॉयल स्टैग एवं किंगफिशर बीयर सहित कुल 15 लीटर 80 मिलीलीटर शराब बरामद की गई। इसके अतिरिक्त रॉयल स्टैग एवं रॉयल चैलेंजर की खाली बोतलें, इस्तेमाल किया हुआ बारकोड, विभिन्न ब्रांडों के स्टीकर, मैकडॉवेल्स लिखे ढक्कन एवं स्टीकर भी जब्त किए गए। पुलिस ने मौके से 4,380 रुपये नकद तथा एक पल्सर मोटरसाइकिल (वाहन संख्या JH06Q-6363) भी जब्त की है। छापेमारी दल में ये पुलिस पदाधिकारी थे शामिल इस कार्रवाई में खरसावां थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह, सहायक अवर निरीक्षक हरेंद्र प्रसाद सिंह, हवलदार बरजो लोहरा तथा चालक आरक्षी शंभूनाथ चौरसिया शामिल थे।
पूरी ख़बरें देखें — News Update