मानवाधिकार मीडिया
photo

JAMSHEDPUR : लोकतंत्र की वास्तविक खूबसूरती महिलाओं की समान भागीदारी और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता में निहित : सांसद

MANINDAR MANISH • Reporter • East Singhbhum • 🕐 28 Nov 2026, 06:29 PM

जमशेदपुर विमेंस यूनिवर्सिटी में संविधान दिवस समारोह में मुख्य वक्ता के रूप में हुए शामिल, चार प्रतिभाशाली छात्राओं को किया सम्मानित जमशेदपुर, झारखंड। जमशेदपुर विमेंस यूनिवर्सिटी में संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को गरिमामयी समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। उन्होंने उपस्थित छात्राओं, शिक्षाविदों एवं प्रबुद्धजनों को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक खूबसूरती महिलाओं की समान भागीदारी, समान अधिकार और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता में निहित है। अपने संबोधन में सांसद ने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत और देश की एकता एवं अखंडता का आधार है। संविधान में सामाजिक न्याय की जो परिकल्पना की गई है, उसका वास्तविक अर्थ समाज की आधी आबादी यानी महिलाओं को प्रत्येक क्षेत्र में समान अवसर, सम्मान और अपनी बात रखने की स्वतंत्रता प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि अभिव्यक्ति की आजादी, समानता और न्याय हमारे संवैधानिक लोकतंत्र के प्रमुख आधार स्तंभ हैं। हालांकि, इन अधिकारों का उपयोग सदैव मर्यादा और संवैधानिक दायरे के अनुरूप किया जाना चाहिए। संविधान निर्माण में भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की ऐतिहासिक भूमिका को नमन करते हुए सांसद ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। बाबा साहेब ने देश को ऐसा संविधान देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जो प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार सुनिश्चित करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा साहेब के अवदान और संविधान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए प्रतिवर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की परंपरा को विशेष महत्व प्रदान किया है। समारोह के दौरान सांसद विद्युत वरण महतो ने अन्य अतिथियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान और उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली विश्वविद्यालय की चार प्रतिभाशाली छात्राओं को सम्मानित किया। उन्होंने छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि बेटियों की प्रतिभा, परिश्रम और सफलता महिला सशक्तिकरण की सशक्त मिसाल है। शिक्षित और आत्मनिर्भर महिलाएं ही एक सशक्त समाज एवं विकसित राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जमशेदपुर पूर्वी की विधायक श्रीमती पूर्णिमा दास साहू, जमशेदपुर विमेंस यूनिवर्सिटी की कुलपति डॉ. ईला कुमार, भाजपा महानगर अध्यक्ष श्री संजीव सिन्हा, भाजपा ग्रामीण जिला अध्यक्ष श्री संजीव सत्या तिवारी तथा विश्वविद्यालय की रजिस्ट्रार सलोनी कुजूर उपस्थित रहीं। इनके अतिरिक्त भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारीगण, विश्वविद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्राओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।

शेयर करें: WhatsApp Facebook Telegram
पूरी ख़बरें देखें — News Update
© 2026 मानवाधिकार मीडिया
👁️ हमारे पाठक — Visitors
📅 आज के विज़िटर्स
55,276
Today's Visitors
🏆 कुल विज़िटर्स
15,74,668
Total Visitors