खेलों से बच्चों में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का होता है विकास: डीएसपी मनोज कुमार जमशेदपुर, झारखंड। संत जेवियर्स इंग्लिश स्कूल, बर्मामाइंस शाखा के प्रांगण में शनिवार को तृतीय वार्षिक खेल महोत्सव का भव्य आयोजन हर्षोल्लास, उत्साह और खेल भावना के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर खेल और उमंग के रंगों से सराबोर नजर आया। विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं एवं आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा, ऊर्जा और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि आरक्षी उपाधीक्षक (डीएसपी) श्री मनोज कुमार ने विशिष्ट अतिथियों डॉ. रागिनी भूषण (अध्यक्षा, संस्कार भारती), डॉ. अरुणा भूषण (महामंत्री, संस्कार भारती) एवं श्री अविनाश कुमार (इंस्पेक्टर, सीसीआर, जमशेदपुर) की गरिमामयी उपस्थिति में ध्वजारोहण एवं रंग-बिरंगे गुब्बारों के विमोचन के साथ किया। इस अवसर पर श्रीमती लूसी सिंह (चेयरपर्सन, शारदा एजुकेशन एंड वेलफेयर ट्रस्ट), विद्यालय प्रबंधक श्री सुशील सिंह, विद्यालय सचिव श्री सौरव गिरी सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम की शुरुआत बर्मामाइंस शाखा की कोऑर्डिनेटर श्रीमती वी. निर्मला के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने अतिथियों का स्वागत करते हुए खेल महोत्सव के महत्व पर प्रकाश डाला। इसके पश्चात विद्यालय के विद्यार्थियों ने मनमोहक स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया। खेल महोत्सव का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सनशाइन ड्रिल, रेनबो ड्रिल तथा ताइक्वांडो एवं कराटे ड्रिल का शानदार प्रदर्शन रहा। बच्चों ने अनुशासन, सामूहिक तालमेल, आत्मविश्वास और शारीरिक दक्षता का अद्भुत परिचय दिया। उनकी आकर्षक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डीएसपी श्री मनोज कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। खेलों के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और संघर्ष करने की भावना विकसित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी सक्रिय रूप से भाग लेने तथा जीत और हार को खेल भावना से स्वीकार करने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के समापन अवसर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि द्वारा मेडल, ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। खेल महोत्सव के बेस्ट एथलीट गर्ल का खिताब सृष्टि पांडे तथा बेस्ट एथलीट बॉय का खिताब आस्तिक दास को प्रदान किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी और गर्व की झलक दिखाई दी। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के एडमिन श्री के.सी. भारती, कोऑर्डिनेटर स्वाति झा, कल्चरल हेड चुनकी कुमारी, अनुशासन प्रभारी प्रणय खडाईत, परीक्षा नियंत्रक विश्वास त्रिपाठी सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। खेल महोत्सव ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, अनुशासन और एकजुटता का संदेश दिया। पूरा आयोजन उत्साहपूर्ण एवं यादगार वातावरण में संपन्न हुआ।
पूरी ख़बरें देखें — News Update