मानवाधिकार मीडिया
photo

उद्यान मंत्री ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में नवविवाहित जोड़ों को दिया आशीर्वाद

Atul jauhari • Bureau chief • Rae Bareli • 🕐 28 Nov 2026, 06:43 AM

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 305 जोड़े वैदिक रीति-रिवाज से परिणय सूत्र में बंधे रायबरेली। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत विकास खण्ड खीरों स्थित बसिगवां खेल मैदान में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात, उत्तर प्रदेश दिनेश प्रताप सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष बुद्धि लाल पासी तथा मुख्य विकास अधिकारी अंजूलता ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर कुल 305 जोड़ों का विवाह वैदिक रीति-रिवाज एवं विधि-विधान के साथ संपन्न कराया गया। इनमें विकास खण्ड शिवगढ़ के 90, महराजगंज के 75, बछरावां के 110, नगर पंचायत शिवगढ़ के 18, नगर पंचायत बछरावां के 10 तथा नगर पंचायत महराजगंज के 02 जोड़े शामिल रहे। समारोह को संबोधित करते हुए उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने नवविवाहित जोड़ों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उन्हें सुखी दाम्पत्य जीवन का आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि आज का दिन सभी नवविवाहित जोड़ों के जीवन में नई खुशियों, नई आशाओं और नए संकल्पों का शुभारंभ है। बछरावां विधानसभा क्षेत्र में आयोजित इस सामूहिक विवाह समारोह में शिवगढ़, महराजगंज एवं बछरावां विकास खण्डों की सैकड़ों बेटियों के हाथ पीले होते देखना हम सभी के लिए गर्व और प्रसन्नता का क्षण है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। अब बेटी की शादी परिवार पर बोझ नहीं, बल्कि सम्मान और खुशियों का पर्व बन रही है। सरकार की ओर से नवविवाहित जोड़ों को आर्थिक सहायता, गृहस्थी की आवश्यक सामग्री एवं आशीर्वाद देकर विदा किया जा रहा है। उन्होंने सभी नवदंपतियों के उज्ज्वल भविष्य एवं सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना की। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का मुख्य उद्देश्य समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को विवाह संबंधी सहायता उपलब्ध कराना है। योजना के अंतर्गत प्रत्येक जोड़े को शासन की ओर से कुल एक लाख रुपये की सहायता प्रदान की जाती है। प्रदेश सरकार आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबके सम्मान की भावना के साथ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना इसी संवेदनशील सोच का महत्वपूर्ण उदाहरण है। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अंजूलता ने कहा कि आज के आयोजन में कुल 305 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया है। सभी नवविवाहित जोड़ों को शासन द्वारा निर्धारित विवाह अनुदान एवं गृहस्थी की आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई है। कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी वर्षा सिंह, उपायुक्त (श्रम रोजगार) प्रमोद सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी आर०वी० सिंह, क्षेत्राधिकारी लालगंज सुजीत राय, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी महिमा सहित अन्य संबंधित अधिकारी, कर्मचारी एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

शेयर करें: WhatsApp Facebook Telegram
पूरी ख़बरें देखें — News Update
© 2026 मानवाधिकार मीडिया
👁️ हमारे पाठक — Visitors
📅 आज के विज़िटर्स
18,083
Today's Visitors
🏆 कुल विज़िटर्स
15,37,475
Total Visitors