लातेहार, झारखंड। लातेहार जिले के गारू थाना क्षेत्र में पिकअप वाहन जलाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को रांची से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अशोक कुमार यादव (26 वर्ष), निवासी सराढु, टंडवा, जिला चतरा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, 24 नवंबर 2026 की रात गारू थाना अंतर्गत ग्राम सरयू के तेतरटोला में अज्ञात अपराधियों ने एक पिकअप वाहन को आग के हवाले कर दिया था। इस घटना को लेकर गारू थाना कांड संख्या 25/26 के तहत बीएनएस की धारा 326(f) में मामला दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, लातेहार के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अशोक कुमार यादव को रांची के रातू रोड स्थित शिव दुर्गा मंदिर लेन से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई पेट्रोल की बोतल, माचिस और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।
पूरी ख़बरें देखें — News Update