मैनपुरी शहर के नुमाइश चौराहा स्थित शीतला माता मंदिर के पास बृहस्पतिवार देर रात तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से एक कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। टक्कर के बाद कार में आग लग गई। आग की चपेट में सड़क किनारे रखा एक खोखा और ठेला भी आ गया। हादसे में कार सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने कार चालक मोहित (36) को मृत घोषित कर दिया। वहीं, तीन घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें PGI सैफई रेफर कर दिया गया। शादी समारोह से लौट रहे थे कार सवार हादसा रात करीब दो बजे माता शीतला देवी मंदिर के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, कार सवार लोग कुरावली क्षेत्र के देवकली गांव जा रहे थे। सभी श्रीराम वाटिका मैरिज होम में आयोजित शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। कार CNG से चलती थी, जिसके कारण उसमें आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और सड़क किनारे रखे खोखे व ठेले को भी अपनी चपेट में ले लिया। चालक की मौत, तीन घायल सैफई रेफर सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार सवार घायलों को बाहर निकलवाया और जिला अस्पताल भिजवाया। घायलों में 38 साल के नरेंद्र पुत्र रामसनेही लाल और 17 साल के आयुष पुत्र राकेश निवासी देवकली, कुरावली तथा 24 साल के आकाश पुत्र जर्मन सिंह निवासी श्मशान घाट रोड, मैनपुरी शामिल हैं। वहीं, कार चालक 36 साल के मोहित पुत्र रामऔतार निवासी देवकली को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे शव का पोस्टमॉर्टम कराया। दो बच्चों का पिता था मोहित मृतक के परिजनों ने बताया कि मोहित के चचेरे भाई रिंकू की शादी थी। उसी समारोह में शामिल होकर कार सवार घर लौट रहे थे, तभी हादसा हुआ। करीब छह साल पहले मोहित की शादी हुई थी। उसके दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। उसकी मौत के बाद पत्नी नीतू का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहित खेती-बाड़ी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।
पूरी ख़बरें देखें — News Update