जमशेदपुर, झारखंड। भाजपा जमशेदपुर महानगर जिला कार्यालय में गुरुवार को ‘संविधान गौरव दिवस’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सांसद विद्युत वरण महतो, पार्टी के वरिष्ठ नेतागण, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने भारतीय संविधान के शिल्पकार भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी और नमन किया। भाजपा जमशेदपुर महानगर जिला अध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस अवसर पर उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने भारतीय संविधान की मूल भावना, न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुता के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। साथ ही संविधान के मूल्यों को मजबूत बनाने और विकसित, सशक्त एवं समरस भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों एवं संविधान निर्माण में उनके योगदान को स्मरण किया गया।
पूरी ख़बरें देखें — News Update