मानवाधिकार मीडिया
photo

PALAMU : पलामू में अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, हथियार बनाने वाला उदय मिस्त्री गिरफ्तार

MANINDAR MANISH • Reporter • East Singhbhum • 🕐 26 Nov 2026, 07:07 PM

पलामू, झारखंड। पलामू पुलिस ने अवैध हथियारों के निर्माण और कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पाण्डु थाना क्षेत्र के महुआ धाम में संचालित अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से एक देशी कट्टा, अर्धनिर्मित हथियार, बंदूक के विभिन्न पुर्जे और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने उदय मिस्त्री (58 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक, पलामू के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विश्रामपुर चिरंजीव मंडल के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया था। पुलिस के अनुसार, पाण्डु थाना कांड संख्या 46/2026 के तहत पूर्व में रतनाग गांव निवासी अमित कुमार सिंह उर्फ पप्पू सिंह के घर से दो देशी कट्टा बरामद किए गए थे। घटना के समय अमित घर पर मौजूद नहीं था और गिरफ्तारी के डर से फरार चल रहा था। बाद में पुलिस की लगातार दबिश के कारण उसने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसने खुलासा किया कि बरामद दोनों देशी कट्टे उसने रतनाग गांव के महुआ धाम निवासी उदय मिस्त्री से खरीदे थे। उसने यह भी बताया कि उदय मिस्त्री अपने घर में अवैध रूप से देशी कट्टा एवं अन्य हथियारों का निर्माण करता है। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने उदय मिस्त्री के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान वहां हथियार निर्माण का अवैध कारोबार संचालित होने का खुलासा हुआ। पुलिस ने मौके से उदय मिस्त्री को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक देशी कट्टा, लकड़ी के बट, लोहे के अर्धनिर्मित बैरल, ट्रिगर, ट्रिगर गार्ड, हथौड़ी, रेती, छेनी, रिंच सहित हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण और लगभग 70 छोटे-बड़े लोहे के पुर्जे बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार उदय मिस्त्री को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को अवैध हथियार निर्माण और उसकी आपूर्ति पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। छापेमारी दल में एसडीपीओ चिरंजीव मंडल, पाण्डु थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक विगेश राय, पुलिस अवर निरीक्षक राजकुमार मेहता, सहायक अवर निरीक्षक प्रेम नारायण रजक तथा पाण्डु थाना के सशस्त्र बल शामिल थे। पलामू पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अवैध हथियारों के निर्माण, भंडारण और खरीद-बिक्री की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

शेयर करें: WhatsApp Facebook Telegram
पूरी ख़बरें देखें — News Update
© 2026 मानवाधिकार मीडिया
👁️ हमारे पाठक — Visitors
📅 आज के विज़िटर्स
2,175
Today's Visitors
🏆 कुल विज़िटर्स
14,64,995
Total Visitors