लखनऊ डॉ. अंबेडकर समाज एकता मंच के तत्वावधान में गुरुवार को मार्टिन पुरवा स्थित बुद्ध मंदिर में संविधान दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी वीरेंद्र कुमार ने संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। समारोह को संबोधित करते हुए चौधरी वीरेंद्र कुमार ने कहा कि भारतीय संविधान को तैयार करने में 2 वर्ष, 11 माह और 18 दिन का समय लगा। 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने इसे अंगीकृत किया, जिसकी स्मृति में हर वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। इसके बाद 26 जनवरी 1950 को संविधान लागू हुआ और भारत एक संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न गणराज्य बना। उन्होंने कहा कि हमारा संविधान किसी एक जाति, धर्म, वर्ग या समुदाय का नहीं, बल्कि भारत के हर नागरिक का दस्तावेज है। यह हमें समानता, स्वतंत्रता, धार्मिक स्वतंत्रता, शिक्षा एवं संस्कृति के मौलिक अधिकार देता है और शोषण के विरुद्ध आवाज उठाने की शक्ति भी देता है। उन्होंने कहा कि संविधान हमें न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व का संदेश देता है। बाबा साहब का सपना था कि भारत में किसी भी व्यक्ति को जाति, धर्म, लिंग या आर्थिक स्थिति के आधार पर छोटा या बड़ा न समझा जाए। इस अवसर पर संगठन के राष्ट्रीय महामंत्री सूरज कुमार गौतम ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने उपस्थित लोगों को संविधान द्वारा दिए गए मूल अधिकारों के साथ-साथ नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया और उनके पालन का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान सामूहिक रूप से भारतीय संविधान की उद्देशिका (प्रस्तावना) का वाचन किया गया। समारोह में सोनू कुमार, सुमित रावत, तकी अहमद लाडले, मुन्नी देवी, गरिमा, ज्ञानवती, संजीता, अर्पिता, राज गौतम सहित संगठन के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
पूरी ख़बरें देखें — News Update