मैनपुरी कुरावली मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में दो मासूम बच्चों के सिर से माता-पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी के मुताबिक, मृतकों की पहचान 28 वर्षीय पिंकी और उनके 32 वर्षीय पति अमित कुमार के रूप में हुई है। दोनों हरदोई जिले के बेनीगंज सिकंदरपुर के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि दंपति फरीदाबाद से अपने भाई के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान कुरावली मार्ग पर एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया है कि अमित कुमार जेसीबी चालक थे और दंपति के दो छोटे बच्चे हैं। माता-पिता की एक साथ मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिन बच्चों को माता-पिता का सहारा मिलना चाहिए था, उनके सिर से दोनों का साया उठ गया। इस हृदयविदारक हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर है।
पूरी ख़बरें देखें — News Update