संवैधानिक मूल्यों को आत्मसात कर जनसेवा के प्रति निष्ठा और प्रतिबद्धता का लिया संकल्प जमशेदपुर, झारखंड। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को समाहरणालय सभागार में जिला उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ आयोजित किया गया। इस दौरान डीडीसी, एसडीओ सहित जिले के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सभी ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ करते हुए संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे मूलभूत आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मियों ने संवैधानिक मूल्यों को अपने कार्य व्यवहार में आत्मसात करने तथा जनसेवा के दायित्वों का पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन करने का संकल्प लिया। इसके साथ ही जिले के सभी सरकारी कार्यालयों एवं प्रखंड कार्यालयों में भी संविधान दिवस के अवसर पर सामूहिक रूप से संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से आम नागरिकों तक संविधान के मूल्यों और लोकतांत्रिक आदर्शों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
पूरी ख़बरें देखें — News Update