झाँसी-। केन-बेतवा लिंक परियोजना से प्रभावित किसानों के अधिकारों और उनकी जायज मांगों को लेकर संघर्ष सेवा समिति के संस्थापक डॉ. संदीप सरावगी किसानों के साथ मजबूती से खड़े नजर आए। उनके नेतृत्व में ग्राम मगरवारा, तहसील मऊरानीपुर के सैकड़ों किसान अपनी समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई। किसानों की प्रमुख मांग ग्राम मगरवारा के कृषि भूमि के सर्किल रेट में उचित वृद्धि किए जाने को लेकर रही। किसानों का कहना है कि नवीन सर्किल रेट सूची में आसपास के सभी गांवों की दरों में बढ़ोतरी की गई है, लेकिन ग्राम मगरवारा के सर्किल रेट में कोई बदलाव नहीं किया गया। जबकि यहां की कृषि भूमि का बाजार मूल्य आसपास के गांवों के बराबर अथवा उससे अधिक है।डॉ. संदीप सरावगी ने किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए प्रशासन से मांग की कि ग्राम मगरवारा के सर्किल रेट का पुनरीक्षण कराया जाए और आसपास के गांवों की दरों के आधार पर निष्पक्ष मूल्यांकन किया जाए, ताकि केन-बेतवा लिंक परियोजना में प्रभावित किसानों को उनकी भूमि का उचित एवं न्यायसंगत प्रतिकर मिल सके। ज्ञापन के माध्यम से किसानों ने हाल के पंजीकृत बैनामों के आधार पर भूमि का वास्तविक बाजार मूल्य निर्धारित करने, संबंधित अधिकारियों द्वारा समस्याओं की सुनवाई करने और किसानों की मांगों पर समयबद्ध निर्णय लेने की मांग की। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो वे लोकतांत्रिक तरीके से शांतिपूर्ण अनशन करने के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान डॉ. संदीप सरावगी ने किसानों के हितों की रक्षा और उनकी आवाज प्रशासन तक पहुंचाने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। बड़ी संख्या में किसानों की मौजूदगी ने इस मांग को लेकर ग्रामीणों की एकजुटता भी प्रदर्शित की।इस अवसर पर महेंद्र गुप्ता, हरिशंकर गुप्ता, राजेश सिंह, अमर सिंह, राज सिंह, प्रमोद सिंह, राजेंद्र सिंह, महेंद्र सिंह, प्रमोद गुप्ता, भगवानदास, जयप्रकाश, पुष्पेंद्र, श्याम, मदन, कामता, जगदीश, वृंदावन, रतीराम, राजेंद्र, प्रेम नारायण, रामस्वरूप, भूपेंद्र, छक्की, विजय एवं मैथिली सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी और प्रभावित किसान उपस्थित रहे।
पूरी ख़बरें देखें — News Update