मानवाधिकार मीडिया
photo

मैनपुरी जिला स्तरीय अधिकारी गाँव गाँव पहुँचकर बीएलओ का सहयोग करें और मतदाता सूची का सत्यापन कराये -जिला निर्वाचन अधिकारी

Pawan Kumar • Reporter • Mainpuri • 🕐 25 Nov 2026, 06:11 PM

मैनपुरी जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान, बूथ स्तर पर संपादित कराये जा रहे मतदाता सूचियों के सत्यापन के कार्यों की जूम मीटिंग के माध्यम से समीक्षा करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए त्रुटिरहित, अद्यतन मतदाता सूची तैयार करना बेहद जरूरी है। उन्होने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि करहल, बेवर, किशनी सहित शहरी क्षेत्रों के कई बूथों, ग्राम पंचायतों में स्थानीय कर्मचारियों द्वारा बी.एल.ओ. को अपेक्षित सहयोग नहीं किया जा रहा है, ग्रामों में कोटेदार, आशा, आंगनवाडी कार्यकत्री, प्रधान, बी.एल.ओ. का सहयोग करते नहीं दिख रहे हैं। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रत्येक दशा में सुनिश्चित किया जाये कि ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव, पंचायत सहायक, रोजगार सेवक, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, कोटेदार, आशा, बूथ लेविल अधिकारियों के साथ घर-घर जाकर मतदाताओं के सत्यापन, पंजीकरण का कार्य करायें, करहल, बरनाहल, किशनी, घिरोर, बेवर, कुरावली और सुल्तानगंज क्षेत्रों के बाल विकास परियोजना अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी संयुक्त रूप से गांवों का भ्रमण करें, कम प्रगति वाले बूथों पर विशेष ध्यान दें। श्री त्रिपाठी ने सम्बन्धित जिला स्तरीय अधिकारियों से कहा कि वह स्वयं को केवल निर्देश जारी करने तक सीमित न रखें बल्कि स्वयं क्षेत्र में निकलें, गांव-गांव जाकर वास्तविक स्थिति का सत्यापन करें, जो भी एडीओ पंचायत, सी.डी.पी.ओ., अन्य कर्मचारी पुनरीक्षण कार्य में असहयोग करेंगे तो उनके विरुद्ध निलंबन की कार्यवाही की जाएगी साथ ही आगामी निर्वाचन में उनकी ड्यूटी कठिन, दूरस्थ स्थानों पर लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि जो अधिकारी, कर्मचारी बिना अनुमति के अवकाश पर जा रहे हैं, उन पर तत्काल रोक लगाई जाए, स्थानीय स्तर पर किसी भी अधिकारी, कर्मचारी को अनावश्यक अवकाश न दिया जाए। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी को आदेशित किया कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी छात्र-छात्राओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने का कार्य युद्ध-स्तर पर पूर्ण किया जाए, यू-डायस पोर्टल के आंकड़ों के अनुरूप लक्षित युवाओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए यदि किसी छात्र को फॉर्म भरते समय भाग, क्रम संख्या की जानकारी नहीं मिल पा रही है, तो संबंधित विद्यालय उनसे एपिक कार्ड की फोटो प्रति प्राप्त करें क्योंकि एपिक कार्ड पर भाग, क्रम संख्या दोनों अंकित रहती हैं, जिससे विवरण भरा जा सके, आगामी शुक्रवार को आयोजित होने वाली बैठक में जनपद के सभी डिग्री कॉलेजों, फॉर्मेसी संस्थानों और आईटीआई के प्राचार्यों को आमंत्रित किया जाए ताकि उच्च शिक्षण संस्थानों में भी पंजीकरण अभियान को गति दी जा सके। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षाधिकारी को निर्देशित किया कि मतदाता पुनरीक्षण कार्य की संवेदनशीलता को देखते हुए शिक्षकों को फिलहाल किसी भी गैर आवश्यक विभागीय प्रशिक्षण से मुक्त रखा जाए, संचालित किसी भी प्रशिक्षण को अगले सप्ताह तक स्थगित किया जाये ताकि शिक्षक पूरी तरह से बूथों पर रहकर मतदाता सूची का कार्य संपादित कर सकें।

शेयर करें: WhatsApp Facebook Telegram
पूरी ख़बरें देखें — News Update
© 2026 मानवाधिकार मीडिया
👁️ हमारे पाठक — Visitors
📅 आज के विज़िटर्स
47,497
Today's Visitors
🏆 कुल विज़िटर्स
13,96,356
Total Visitors