कारा के सभी वार्डों, बैरकों, रसोईघर और अस्पताल की हुई सघन तलाशी, सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के दिए निर्देश जमशेदपुर, झारखंड। पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार को जमशेदपुर मंडल कारा में औचक निरीक्षण एवं छापेमारी अभियान चलाया। उपायुक्त श्री राजीव रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल के साथ जेल परिसर में सघन जांच की गई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक नगर एवं ग्रामीण, अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी भी मौजूद रहे। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य मंडल कारा की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेना, विधि-व्यवस्था एवं अनुशासन बनाए रखना तथा जेल के अंदर किसी भी प्रकार की अवैध और प्रतिबंधित गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाना था। छापेमारी के दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की टीम ने जेल के विभिन्न वार्डों, बंदियों के आवासीय कक्षों, बैरकों, रसोईघर, अस्पताल और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की बारीकी से जांच की। इसके अलावा बंदियों के सामान, उनके उपयोग में आने वाली वस्तुओं तथा जेल परिसर के संवेदनशील स्थानों की भी सघन तलाशी ली गई। निरीक्षण के दौरान जेल की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, प्रवेश एवं निकास द्वारों की निगरानी, मुलाकातियों की जांच प्रक्रिया तथा कारा के अंदर निगरानी तंत्र की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने संबंधित पदाधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने और सभी निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
पूरी ख़बरें देखें — News Update