महेंद्र Xylo कार की डिक्की में गुप्त सुरंग बनाकर छिपाया था गांजा, पुलिस ने 22 लाख रुपये का मादक पदार्थ किया बरामद जमशेदपुर, झारखंड। पूर्वी सिंहभूम जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के जामशोला चेकनाका स्थित एनएच-49 पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 44 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ ओडिशा के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 22 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही सफेद रंग की महिंद्रा Xylo कार समेत अन्य सामान भी जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर को गुप्त सूचना मिली थी कि 22 नवंबर की रात ओडिशा की ओर से एक सफेद रंग की महिंद्रा Xylo कार (नंबर OD02Z-8532) में अवैध गांजा लेकर तस्कर बहरागोड़ा की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देश पर घाटशिला के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। इसमें प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी को भी शामिल किया गया। गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बहरागोड़ा के जामशोला चेकनाका एनएच-49 पर बैरिकेडिंग लगाकर वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रही संदिग्ध Xylo कार को पुलिस बल की मदद से रोक लिया गया। प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी की मौजूदगी में एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों के तहत वाहन की तलाशी ली गई। जांच के दौरान कार की डिक्की के अंदर बॉडी काटकर बनाई गई गुप्त सुरंगनुमा जगह से गांजे के 44 पैकेट बरामद किए गए। प्रत्येक पैकेट का वजन एक किलोग्राम था। पुलिस ने कुल 44 किलोग्राम गांजा, 20,760 रुपये नकद, एक एंड्रॉयड मोबाइल और एक कीपैड मोबाइल बरामद किया। इसके बाद कार सहित सभी सामान विधिवत जब्त कर लिया गया। फुलवानी से बंगाल तक फैला था तस्करी का नेटवर्क पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा के फुलवानी (कंधमाल) जिले से गांजा लाकर पश्चिम बंगाल के खड़गपुर समेत अन्य स्थानों पर बिक्री किया करते थे। पुलिस इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है। गिरफ्तार आरोपी: भाबग्राही साहू (40 वर्ष), ग्राम अंगाबिरा, थाना नकटीडोल, जिला संबलपुर, ओडिशा। ध्रुव चरण बेहरा (50 वर्ष), ग्राम एवं पोस्ट जामजुड़ी, थाना नकटीडोल, जिला संबलपुर, ओडिशा। ये सामान हुए जब्त: सफेद महिंद्रा Xylo कार, 44 किलोग्राम गांजा, एक एंड्रॉयड मोबाइल, एक नोकिया कीपैड मोबाइल और 20,760 रुपये नकद। इस कार्रवाई में अंचल अधिकारी बहरागोड़ा राजा राम सिंह मुंडा बतौर दंडाधिकारी शामिल रहे। छापेमारी दल में थाना प्रभारी रवि होनहागा, पुलिस अवर निरीक्षक सोमराज उरांव, ईश्वर दयाल सिंह, सहायक अवर निरीक्षक शशिकांत झा, सज्जन लकड़ा, ओम शरण सहित पुलिसकर्मी शामिल थे। कानूनी कार्रवाई: इस मामले में बहरागोड़ा थाना कांड संख्या 68/2026, दिनांक 22 नवंबर 2026 के तहत बीएनएस की धारा 111(2)(b), 111(3), 111(4) तथा एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(c), 25 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पूरी ख़बरें देखें — News Update