जिला स्तरीय नारकोटिक्स समन्वय समिति की बैठक में उपायुक्त राजीव रंजन, एसडीओ एवं एसएसपी ने दिए निर्देश, स्कूल-कॉलेजों में चलेंगे जागरूकता अभियान जमशेदपुर, झारखंड। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध बिक्री और नशे के सेवन पर प्रभावी रोक लगाने को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। इस संबंध में जिला उपायुक्त राजीव रंजन, एसडीओ, एसएसपी एवं अन्य संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में जिला स्तरीय नारकोटिक्स समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए विभिन्न विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई तेज करने का निर्देश दिया गया। बैठक में अधिकारियों ने मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध खरीद-बिक्री और सेवन से जुड़ी गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने पर जोर दिया। संबंधित विभागों को निर्देश दिया गया कि ऐसे मामलों में समन्वित अभियान चलाकर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही नशे के अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क की पहचान कर उस पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जाए। युवाओं को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में नियमित रूप से नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया गया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी दी जाएगी। अधिकारियों ने नशे की लत से प्रभावित लोगों के लिए नशामुक्ति एवं पुनर्वास सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर भी जोर दिया। नशे के अवैध कारोबार की सूचना इन नंबरों पर दें जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें जिले में कहीं भी मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध बिक्री या अन्य नशीली गतिविधियों की जानकारी मिलती है, तो तत्काल इसकी सूचना दें। इसके लिए टोल फ्री नंबर 112 अथवा पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 0657-2431028 पर संपर्क किया जा सकता है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। बैठक में स्पष्ट किया गया कि नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ जनजागरूकता, नशामुक्ति और पुनर्वास के प्रयासों को भी समान रूप से आगे बढ़ाया जाएगा।
पूरी ख़बरें देखें — News Update