मानवाधिकार मीडिया
photo

RANCHI : झारखंड के 3,044 युवाओं को मिला रोजगार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सौंपे नियुक्ति पत्र

MANINDAR MANISH • Reporter • East Singhbhum • 🕐 23 Nov 2026, 05:22 PM

कौशल विकास से युवाओं के भविष्य को नई दिशा, करीब 500 युवाओं को यूएई में मिलेगा रोजगार; AI प्रशिक्षण के लिए IIT मद्रास के साथ हुआ एमओयू रांची, झारखंड। मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन प्रशिक्षित छात्र-छात्राओं के मुख्यमंत्री कौशल एवं रोजगार सम्मान समारोह सह नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में राज्य सरकार की कौशल विकास और रोजगार सृजन की पहल को नई उपलब्धि मिली। अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, झारखंड सरकार के मार्गदर्शन में Pan IIT Alumni Foundation द्वारा संचालित गुरुकुल, आईटीआई और नर्सिंग कॉलेजों के माध्यम से अप्रैल 2026 से अक्टूबर 2026 के बीच कुल 3,044 युवाओं को प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ा गया है। नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले युवाओं में कल्याण गुरुकुल से प्रशिक्षित 2,014, नर्सिंग कौशल कॉलेज से 746 तथा आईटीआई कौशल कॉलेज से 284 युवा शामिल हैं। इस उपलब्धि की खास बात यह है कि इनमें से लगभग 500 युवाओं को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में नौकरी करने का अवसर मिलेगा। इससे झारखंड के युवाओं के लिए देश के साथ-साथ विदेशों में भी रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे। AI तकनीक से युवाओं को जोड़ने की पहल कार्यक्रम के दौरान बदलते तकनीकी दौर की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से सशक्त बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। मुख्यमंत्री की उपस्थिति में प्रेझा फाउंडेशन और IIT मद्रास की पहल ‘Pravartak – AI for All’ के बीच एमओयू का आदान-प्रदान किया गया। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए तैयार करना और उन्हें नए अवसरों के योग्य बनाना है। युवाओं को हुनरमंद बनाना समय की मांग: मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय की आवश्यकता के अनुरूप बच्चों के कौशल का विकास करना और उनके हुनर को तराशना बेहद जरूरी है, ताकि वे अपने बेहतर भविष्य की ओर मजबूती से कदम बढ़ा सकें। आज AI का दौर वैश्विक स्तर पर हमारे सामने खड़ा है। ऐसे में केवल पढ़ाई ही नहीं, बल्कि हुनर और तकनीकी दक्षता भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि हमारे समाज में शिक्षा की शुरुआत अपेक्षाकृत देर से हुई है। इसलिए नौजवानों को आने वाली पीढ़ी को आगे बढ़ाने के लिए अपनी रफ्तार तेज करनी होगी। युवाओं को अपने परिवार और समाज के लोगों को भी जागरूक करना होगा कि बदलते समय के साथ तेजी से आगे बढ़ना कितना जरूरी है। मुख्यमंत्री ने नियुक्ति पत्र पाने वाले युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि आज का दिन उनके जीवन में बेहद महत्वपूर्ण है। आने वाले समय में वे अनेक जिम्मेदारियों और दायित्वों से जुड़ेंगे। इन जिम्मेदारियों का बेहतर ढंग से निर्वहन तभी संभव है, जब वे अपने जीवन में मजबूती से स्थापित होंगे। अंत में मुख्यमंत्री ने सभी युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और कहा कि राज्य के युवाओं को हुनरमंद बनाकर रोजगार से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए ‘जोहार’ के साथ अपना संबोधन समाप्त किया।

शेयर करें: WhatsApp Facebook Telegram
पूरी ख़बरें देखें — News Update
© 2026 मानवाधिकार मीडिया
👁️ हमारे पाठक — Visitors
📅 आज के विज़िटर्स
44,991
Today's Visitors
🏆 कुल विज़िटर्स
12,81,669
Total Visitors