मैनपुरी के एलाऊ थाना क्षेत्र के ग्राम हुसैनपुर में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहां आटा चक्की में गेहूं पीसते समय अचानक तेज धमाके के साथ चक्की का पत्थर फट गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि पत्थर टूटकर टुकड़ों में बिखर गया, जिसकी चपेट में आकर 3 साल के एक मासूम समेत 5 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से बच्चे की गंभीर हालत देखते हुए उसे सैफई पीजीआई रेफर कर दिया गया है। गेहूं पीसने के 15-20 मिनट बाद हुआ विस्फोट गांव हुसैनपुर निवासी शब्बीर आटा चक्की चलाते हैं। रविवार सुबह उन्होंने गांव के ही रहने वाले शमशाद (30) पुत्र इकलाक को चक्की चलाने के लिए बुलाया था। शमशाद सुबह खाना खाने के बाद चक्की पर पहुंचे और गेहूं की पिसाई शुरू की। करीब 15 से 20 मिनट बाद चक्की अचानक अत्यधिक गर्म हो गई और तेज धमाके के साथ उसका पत्थर फट गया। पत्थर के टुकड़े लगने से मची चीख-पुकार विस्फोट के साथ पत्थर के नुकीले टुकड़े तेजी से चारों तरफ फैल गए। इसकी चपेट में आकर चक्की पर मौजूद प्रियांशु (3) पुत्र रिंकू, रशीदा पत्नी शब्बीर और चक्की चला रहे शमशाद (30) समेत कुल पांच ग्रामीण लहूलुहान हो गए। तेज धमाके की आवाज सुनकर पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। मासूम की हालत नाजुक, अन्य का जिला अस्पताल में इलाज जारी ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने 3 वर्षीय प्रियांशु की नाजुक हालत को देखते हुए उसे सैफई पीजीआई रेफर कर दिया। वहीं, रशीदा, शमशाद और अन्य दो घायलों का जिला अस्पताल में ही इलाज चल रहा है।
पूरी ख़बरें देखें — News Update