मैनपुरी 22 नवम्बर, 2026- आगामी विधान सभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के दृष्टिगत जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा, मुख्य विकास अधिकारी संतोष बहादुर सिंह, अन्य अधिकारियों के साथ कृषि उत्पादन मंडी समिति स्थित मतदान कार्मिक प्रस्थान, वापसी स्थल एवं मतगणना स्थल का निरीक्षण करते हुए सचिव मंडी को सभी व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होने कहा कि 107-मैनपुरी, 108-भोगांव, 109-किशनी और 110-करहल विधानसभा क्षेत्रों के लिए जिन शेडों से पोलिंग पार्टियों की रवानगी और मतगणना होनी है, उन शैडों के चबूतरे, टिनशैड की प्राथमिकता पर मरम्मत कराई जाए, चारों विधानसभा क्षेत्रों के स्ट्रांग रूम हेतु अधिग्रहण की जाने वाली दुकानों की मरम्मत कर वहां निर्वाचन आयोग की निर्धारित मानक संहिता का पालन सुनिश्चित किया जाए, मंडी परिसर में जगह-जगह अस्थायी व स्थायी अतिक्रमण पाये जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सभापति, सचिव मंडी को निर्देशित किया कि नोटिस जारी कर अवैध कब्जे तत्काल हटवाए जाएं। उन्होने निर्वाचन कार्य के लिए चिह्नित टिनशैड, दुकानों का अधिग्रहण समय से पूरा करने, स्टेडियम की ओर स्थित मंडी गेट के चौड़ीकरण एवं गेट से करहल-किशनी मतगणना पंडाल तक की सड़क को चौड़ीकरण का ऑकलन तैयार कर तुरंत प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। श्री त्रिपाठी ने विधानसभा वार मतगणना कक्षों, आर.ओ टेबल तक आवागमन, सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग तथा प्रेक्षकगणों, अधिकारियों के बैठने की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लेते हुए अधिशासी अभियंता लोक निर्माण से कहा कि संपूर्ण मतगणना परिसर का स्पष्ट ले-आउट प्लान तैयार करें, आर.ओ टेबल तक जाने वाले मार्गों, पूरे बरामदे में सुदृढ़ बैरिकेडिंग, बफर ज़ोन का निर्धारण किया जाए ताकि अनाधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहे, मतगणना स्थल पर आवागमन केवल निर्धारित मार्ग से ही हो तथा परिसर में खुले हुए अनावश्यक रास्तों को तत्काल बंद कराया जाए जिससे सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे। उन्होंने कहा कि निर्वाचन के दौरान प्रेक्षकगण, वरिष्ठ अधिकारियों के आवागमन के दृष्टिगत मंडी सचिव कार्यालय के कक्षों का उच्च स्तर पर सुदृढ़ीकरण किया जाये, कार्यालय कक्षों की बदरंग एवं गहरी पीली दीवारों को बदलकर आकर्षक व प्रकाशयुक्त रंग से पुताई करायी जाए, कक्षों में सजावटी फॉल सीलिंग, वुडन पार्टीशन के माध्यम से विश्राम कक्ष विकसित किया जाए, जहां सोफे, पंखे की समुचित व्यवस्था हो। उन्होने मतगणना हॉल का निरीक्षण करते हुए मैनपुरी, भोगांव, किशनी, करहल विधानसभा क्षेत्रों के निर्धारित शेड, कक्षों का निरीक्षण करते हुए कहा कि प्रत्येक निर्वाचन में बैरिकेडिंग के लिए फर्श को बार-बार तोड़ने-फोड़ने की समस्या से बचने हेतु फर्श में स्थायी रूप से लोहे के फ्रेम या सॉकेट सीमेंट से जाम कराए जाएं, जिनमें बल्लियों की मोटाई के अनुरूप उन्हें आसानी से लगाया जा सके, मतगणना कक्षों के क्षतिग्रस्त फर्श की तत्काल मरम्मत कराने हेतु प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाये। पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है, चुनाव सेल का गठन कर दिया गया है, जिसके नोडल अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को बनाया गया हैं, मंडी स्थल का निरीक्षण किया गया, जहां पोलिंग पार्टियों के डिस्पैच और रिसीविंग की प्लानिंग, वाहनों के प्रवेश, पार्किंग व्यवस्था, अतिक्रमण हटाने तथा यातायात को जाम मुक्त रखने पर समीक्षा की गई ताकि मतदान व मतगणना के दिन कोई अव्यवस्था न हो, मतगणना दिवस की सुरक्षा, व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए एक मैप तैयार किया जा रहा है, जिसके तहत कुल चार गेट निर्धारित किए गए हैं, इसमें तय किया गया है कि किस गेट से निर्वाचन अभिकर्ता, अधिकारी प्रवेश करेंगे, उनकी पार्किंग कहां होगी और कौन सा गेट इमरजेंसी के लिए रखा जाएगा। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी संतोष बहादुर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अभिषेक तिवारी, उप जिलाधिकारी सदर श्याम प्रताप ंिसह, डिप्टी कलेक्टर अरविन्द कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर अशोक सिंह, क्षेत्राधिकारी क्राइम जितेन्द्र कुमार सिंह, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण, विद्युत ए.के. अरूण, अनिल वर्मा, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका बुद्धि प्रकाश, प्र. निरीक्षक कोतवाली फतेह बहादुर सिंह, सचिव मंडी आदि उपस्थित रहे।
पूरी ख़बरें देखें — News Update