रिपोर्ट:- फ़तेह खान रुदौली-अयोध्या। रुदौली नगर स्थित चिश्ती साबरी सिलसिले (श्रृंखला) के महान सूफी संत हजरत शेख अहमद अब्दुल हक (मखदूम साहब) के 610 वें उर्स ए शेख़ उल आलम के मौके पर मदरसा जामिया चिश्तिया दरगाह शरीफ का 25 वां दीक्षांत समारोह हर्षौल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। जिसमें तीन आलिम और सोलह हाफिजों को दस्तार बाँध कर डिग्री दी गई। इस अवसर पर एक किताब अनवार ए इल्म ग़ैब का विमोचन किया गया। इस समारोह की अध्यक्षता सज्जादा नशीन शाह अम्मार अहमद अहमदी नय्यर मियां व संचालन मौलाना शबान उल्लाह ने किया। इस दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि हज़रत निजाम उद्दीन औलिया दिल्ली के सज्जादा नशीन फरीद निज़ामी मियां थे। जिस में दारुल उलूम बहार शाह अयोध्या के शेख उल हदीस व प्रधानाध्यापक मुफ्ती मुईन उद्दीन अशरफी ने अपने संबोधन में मदरसा और खानकाह दोनों को जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि दोनों शरियत और तरीकत सिखाते है। मुख्य वक्ता खानकाह मुनीमिया पटना बिहार के सज्जादा नशीन डॉ शमीम उद्दीन मुनामी ने अपने संबोधन में क़ुरआन और मोहम्मद साहब की जीवनी उनके संदेश को विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि यह खानकाह चिश्ती खानकाह है चिश्ती खानकाह की दो शाखों ने पूरी दुनिया को जगमगा रक्खा है। एक निज़ामी दूसरी साबरी शाख। डॉ शमीम मुनामी ने कहा कि खानकाहे किसी के साथ बुरा सुलूक करना नहीं सिखाती। खानकाहे समाज में मुहब्बत का रस घोलने का काम करती है। उन्होंने नय्यर मियां की सराहना करते हुए कहा कि नय्यर मियां जिस तरह तमाम कठिनाइयों विरोध का सामना करते हुए तालीम के क्षेत्र में काम कर रहे है। खास कर के लड़कियों की शिक्षा के लिए दिन रात मेहनत कर के इस शिक्षण संस्था को बुलंदी तक पहुंचाया है। समाज हमेशा याद रखेगा। इस कार्यक्रम को दरगाह शरीफ के ऑफिशियल फेसबुक पेज साबरी मिशन पर रात तक 5 लाख लोगों ने देखा। दस्तारबंदी के कार्यक्रम में खानकाहे रशीदिया मैनपुरी के नायब सज्जादा नशीन हज़रत शाह मोहम्मद हस्सान मियां, सैय्यद मुजीब मियां, पैगम्बर नगर के सैय्यद मिस्बाह अशरफ मियां ने शिरकत की। इस मौके पर प्रमुख रूप से रुदौली नगर पालिका अध्यक्ष जब्बार अली, सभासद ताज उद्दीन पप्पू, मुमताज राइन, गुफरान शेख, गुलाम अंसारी, पूर्व सभासद उस्मान अंसारी, अख्तर अली खान, इरफान खान सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
पूरी ख़बरें देखें — News Update