विद्यार्थियों के जन्म प्रमाण पत्र के लिए लगेंगे विशेष शिविर, स्वास्थ्य सेवाओं और ग्रामीण रोजगार पर दिया जोर जमशेदपुर, झारखंड। जिला उपायुक्त राजीव रंजन एवं डीडीसी की उपस्थिति में जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति एवं उनके क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए। बैठक में सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों का जन्म प्रमाण पत्र बनाने के लिए विशेष शिविर आयोजित करने को कहा गया, ताकि कोई भी विद्यार्थी आवश्यक दस्तावेज से वंचित न रहे। मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत लाभुकों का प्रस्ताव उपलब्ध कराने तथा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर दिया गया। इसके अलावा जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ बनाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में मानव दिवस सृजन बढ़ाने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने और योजनाओं की नियमित निगरानी करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके।
पूरी ख़बरें देखें — News Update