मानवाधिकार मीडिया
photo

JAMSHEDPUR : बाल संसद में किशोरियों ने उठाए लैंगिक भेदभाव और बाल विवाह के मुद्दे, जिला उपायुक्त ने किया जागरूक

MANINDAR MANISH • Reporter • East Singhbhum • 🕐 21 Nov 2026, 07:58 PM

नरभेराम हंसराज इंग्लिश स्कूल में किशोरियों की सुरक्षा एवं अधिकारों के संरक्षण पर हुई चर्चा, अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने का दिया संदेश जमशेदपुर, झारखंड। किशोरियों की सुरक्षा, उनके अधिकारों के संरक्षण तथा लैंगिक हिंसा की रोकथाम को लेकर नरभेराम हंसराज इंग्लिश स्कूल, बिष्टुपुर में बाल संसद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला उपायुक्त राजीव रंजन शामिल हुए। इस दौरान छात्राओं ने सामाजिक कुरीतियों और लैंगिक असमानता से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी। बाल संसद में छात्राओं ने पितृसत्तात्मक सोच, रूढ़िवादी मान्यताओं, बाल विवाह और लैंगिक भेदभाव जैसे गंभीर सामाजिक विषयों पर बेबाकी से विचार व्यक्त किए। उन्होंने इन समस्याओं के कारणों और समाज पर पड़ने वाले प्रभावों को भी सामने रखा। कार्यक्रम के माध्यम से किशोरियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने और सामाजिक बदलाव में सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर मिला। इस अवसर पर उपायुक्त राजीव रंजन ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि अन्याय एवं उत्पीड़न के विरुद्ध आवाज उठाना जरूरी है। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे किसी भी पीड़ित व्यक्ति का साथ दें और समाज में व्याप्त भेदभावपूर्ण सोच को चुनौती देने का साहस रखें। उन्होंने कहा कि लैंगिक समानता केवल एक व्यक्ति या वर्ग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। लड़कियों और लड़कों को समान अवसर उपलब्ध कराने, सकारात्मक सामूहिक सोच विकसित करने तथा सामाजिक सहभागिता बढ़ाने से ही समानता आधारित समाज का निर्माण संभव है। कार्यक्रम में छात्राओं की सक्रिय भागीदारी ने यह संदेश दिया कि किशोरियां सामाजिक बदलाव की महत्वपूर्ण वाहक बन सकती हैं। बाल संसद जैसे मंच उन्हें अपनी बात रखने, अधिकारों को समझने और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए सशक्त बनाते हैं।

शेयर करें: WhatsApp Facebook Telegram
पूरी ख़बरें देखें — News Update
© 2026 मानवाधिकार मीडिया
👁️ हमारे पाठक — Visitors
📅 आज के विज़िटर्स
7,757
Today's Visitors
🏆 कुल विज़िटर्स
11,89,689
Total Visitors