महराजगंज। जिले के कोल्हुई क्षेत्र में स्थित मदर मरियम ग्लोबल स्कूल खरहरवा में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य एवं बेहतर करियर निर्माण के उद्देश्य से विशेष करियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें बतौर मुख्य मार्गदर्शक एसएसबी कमांडेंट जगदीश दबही ने छात्र छात्राओं को विभिन्न करियर विकल्पों, प्रतियोगी परीक्षाओं और भारतीय सशस्त्र बलों में उपलब्ध अवसरों की विस्तार से जानकारी दी।कमांडेंट जगदीश दबही ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारण का महत्व समझाते हुए आत्मविश्वास, अनुशासन,दृढ़ संकल्प और निरंतर परिश्रम के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही उन्होंने बच्चों को सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक करते हुए बाल मजदूरी, बाल-विवाह और आसपास होने वाली किसी भी आपराधिक घटना की सूचना तत्काल अपने परिजनों व पुलिस को देने की सलाह दी।इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक ई0 समीर अधमी ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य बच्चों को केवल किताबी शिक्षा देना नहीं बल्कि उन्हें सही मार्गदर्शन व उत्कृष्ट अवसर प्रदान कर राष्ट्र के प्रति समर्पित नागरिक बनाना है। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय परिसर में जल्द ही शूटिंग रेंज स्थापित करने की भावी योजना भी साझा की। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए करियर से जुड़ी अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। अंत में विद्यालय परिवार ने एसएसबी कमांडेंट के प्रति आभार व्यक्त किया। इस मौके पर प्रधानाचार्या श्रीमती हर्षलता शर्मा उप प्रधानाचार्य अमित अग्रवाल समन्वयक अभिषेक चौधरी, राणा प्रताप यादव, अमित विश्वकर्मा सहित समस्त शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी मौजूद रहे।
पूरी ख़बरें देखें — News Update