मैनपुरी बेवर बाईपास पर बाइक की टक्कर से घायल महिला की सैफई अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के करीब 25 दिन बाद पुलिस ने महिला के पति की तहरीर पर बाइक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। भोगांव थाना क्षेत्र के छाछा गांव के रहने वाले सनोज कुमार ने पुलिस को बताया कि 24 अक्टूबर को दोपहर करीब 12 बजे वह पत्नी अंजली के साथ ससुराल बीलपुर से बाइक पर घर लौट रहे थे। बेवर बाईपास पर बझेरा गांव के सामने वे सड़क किनारे रुके थे। सनोज के मुताबिक, पीछे से आई तेज रफ्तार बाइक ने अंजली को टक्कर मार दी। चालक मौके से भाग गया। राहगीरों की मदद से अंजली को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से उन्हें जिला अस्पताल मैनपुरी और फिर मिनी पीजीआई सैफई रेफर किया गया। अंजली की 26 अक्टूबर को सैफई अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। अंतिम संस्कार और तेरहवीं की रस्मों में व्यस्त होने के कारण सनोज ने 18 नवंबर को थाने पहुंचकर शिकायत दी। सीओ भोगांव रामकृष्ण द्विवेदी ने बताया कि सनोज की तहरीर पर बाइक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पूरी ख़बरें देखें — News Update