मैनपुरी के दन्नाहार थाना क्षेत्र के गांव भागपुरा में गुरुवार को एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से 65 वर्षीय बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वे घर से शौच के लिए मुख्य मार्ग की ओर गए थे। गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। गांव से 300 मीटर दूर पीछे से आ रहे वाहन ने मारी टक्कर भागपुरा निवासी आसाराम (65) पुत्र दिवारीलाल घर से शौच जाने के लिए निकले थे। जैसे ही वे गांव से करीब 300 मीटर दूर मुख्य मार्ग पर पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आसाराम सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत,जांच में जुटी पुलिस हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और परिजनों को सूचना दी गई। आनन-फानन में परिजन गंभीर रूप से घायल आसाराम को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां इमरजेंसी वार्ड में दोपहर करीब 2:30 बजे उनका उपचार शुरू किया गया। हालांकि, गंभीर चोटें आने के कारण इलाज के दौरान ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर दन्नाहार थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामे की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अज्ञात वाहन और उसके चालक का पता लगाने के लिए आसपास के मार्गों और सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पूरी ख़बरें देखें — News Update