रुदौली-अयोध्या। रुदौली नगर स्थित चिश्ती साबरी सिलसिले (श्रृंखला) के महान सूफी संत हजरत शेख अहमद अब्दुल हक (मखदूम साहब) का 610 वाँ सोलह दिवसीय उर्स 11 नवंबर से चांद नज़र आते सज्जादा नशीन मुतवल्ली शाह अम्मार अहमद अहमदी नय्यर मियां की अध्यक्षता में दरगाह शरीफ के अंदर महफिल ए समा (क़व्वाली) से शुरू हो चुका है। आज शुक्रवार की रात में खानकाह शेख उल आलम में मदरसा जामिया चिश्तिया का 25 वाँ दीक्षांत समारोह होगा। जिसके मुख्य वक्ता खानकाह मुनाममिया पटना बिहार के सज्जादा नशीन डॉ शमीम उद्दीन मुनामी होंगे। जिसमें 16 हाफिजों को और तीन आलिमों को उपाधि प्रदान की जाएगी। 12 दिनों तक दरगाह शरीफ के अंदर नय्यर मियां की अध्यक्षता में परंपरागत रोज़ बाद नमाज़ ए ईशां 7.30 बजे महफिल ए समा क़व्वाली होती है। दरगाह शरीफ के सरकारी सूफी क़व्वाल शावेज़ वारसी सूफी कलाम पेश कर रहे है। उर्स के मुख्य कार्यक्रम यानी 23 नवंबर बाद नमाज़ फज्र सुबह 6.15 बजे मस्जिद दरगाह शरीफ में क़ुरान ख्वानी जश्न ए ईद मिलादुन नबी से विधिवत शुरुआत होगी। जिसमें मौलाना मोहम्मद मुजम्मिल कादरी सकलैनी उस्ताद जामिया चिश्तिया दरगाह शरीफ खिताब (संबोधित) करेंगे। रात में 9 बजे बाद नमाज़ ए ईशां दरगाह शरीफ के अंदर सज्जादा नशीन मुतवल्ली शाह अम्मार अहमद अहमदी नय्यर मियां की अध्यक्षता में हाज़री महफिल होगी। जिसमें देश भर के बड़े सूफी क़व्वाल हाजरी लगाकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। यह कार्यक्रम रात लगभग 1 बजे तक चलेगा। 24 नवंबर बाद नमाज़ मग़रिब 5.30 मस्जिद दरगाह शरीफ में मुफ्ती शफी आलम अशरफी साबरी खिताब करेंगे। बाद नमाज़ ए ईशां रात 9 बजे खानकाह शेख उल आलम में महफिल ए समा क़व्वाली होगी। जो लगभग रात 1 बजे तक चलेगी। 25 नवंबर बाद नमाज़ ए जुहर दोपहर 2 बजे खानकाह में महफिल ए समा क़व्वाली होगी। शाम को बाद नमाज़ ए मग़रिब 5.30 बजे दरगाह शरीफ में सज्जादा नशीन नय्यर मियां दिया जलाकर चराग़ दान की रस्म अदा करेंगे। बाद नमाज़ ए ईशां रात 9.30 बजे खानकाह शेख उल आलम में महफिल ए समा क़व्वाली होगी। इसी बीच देश के सूफी स्कॉलर सज्जादा नशीन गढ़ की मौजूदगी में कई इस्लामिक किताबों का विमोचन किया जाएगा। महफिल ए समा क़व्वाली देर रात तक होगी। इसके बाद 26 नवंबर को उर्स के सारे मुख्य कार्यक्रम हैं। इसी दिन सुबह 3 बजे पहला कुल होगा। बाद नमाज़ ए फज्र सुबह 6 बजे मखदूम साहब की मज़ार को सज्जादा नशीन नय्यर मियां केवड़े गुलाब जल से धोकर इत्र लगाकर गुस्ल की रस्म अदा करेंगे। इस मौके पर हजारों की संख्या में दरगाह शरीफ के अंदर गुस्ल की रस्म में श्रद्धालु शरीक रहेंगे। बाद नमाज़ जुहर दोपहर 2 बजे खानकाह मखदूम साहब में खिरके शरीफ की महफिल होगी। इसी दौरान हजरत शेख उल आलम मखदूम साहब का आखिरी विसाली कुल (सामूहिक प्रार्थना) होगी। जिसमें देश भर की दरगाहों से आए सज्जादानशीन व हजारों की संख्या में जायरीन (श्रद्धालु) शिरकत करेंगे। सज्जादा नशीन शाह अम्मार अहमद अहमदी नय्यर मियां इस दौरान देश के कोने कोने से आए जायरीनों (श्रद्धालुओं) सहित क्षेत्र के हज़ारों लोगों को मखदूम साहब के पवित्र वस्त्र झुब्बा शरीफ विभिन्न बुजुर्गों के तब्बरुकात (पवित्र वस्तुओं) की ज़ियारत व असर की नमाज़ अदा कराएंगे। इसी के साथ उर्स सम्पन्न हो जाएगा। इस दिन मखदूम साहब के खिरके शरीफ पवित्र तबर्रुकात के दर्शन करने के लिए नगर की सड़कों पर सर्वाधिक मजमा रहता है। मेला अनवरत एक महीना चलता रहेगा। जिसमें महिलाओं बच्चों की भीड़ अधिक रहती है।
पूरी ख़बरें देखें — News Update