बक्शा में 22 नवंबर से चलेगा पल्स पोलियो अभियान, 95 बूथों पर पिलाई जाएगी खुराक घर-घर पहुंचेंगी 53 टीमें, पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो से बचाव की दवा पिलाने की तैयारी पूरी बक्शा, जौनपुर। विकास खण्ड बक्शा में आगामी 22 नवंबर से शुरू होने वाले पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के लिए गुरुवार को ब्लॉक टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एडीओ आरडी संजय श्रीवास्तव ने की। इस दौरान अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए गए। बैठक में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. विक्रांत गुप्ता एवं सौरभ कुमार ने बताया कि 22 नवंबर को विकास खण्ड क्षेत्र के 95 बूथों पर प्राथमिक विद्यालयों में शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके बाद 23 से 27 नवंबर तक आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं एएनएम की 53 टीमें घर-घर जाकर अभियान के दौरान छूटे बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। अध्यक्षता कर रहे एडीओ आरडी संजय श्रीवास्तव ने कहा कि पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाना सभी संबंधित विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, बाल विकास विभाग सहित विकास खण्ड के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सक्रियता और आपसी तालमेल के साथ अभियान में सहयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अभियान का लक्ष्य शत-प्रतिशत बच्चों तक पहुंचना है, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक पीने से वंचित न रह जाए। बैठक में डॉ. अनुराग, इम्यूनाइजेशन ऑफिसर विनय कुमार, आंगनबाड़ी सुपरवाइजर अर्चना, निधि यादव, प्रवीण सिंह एवं जितेंद्र मौर्य सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
पूरी ख़बरें देखें — News Update