मैनपुरी। अंडर-19 एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ शानदार प्रदर्शन कर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले मैनपुरी के होनहार खिलाड़ी मनल चौहान ने जनपद ही नहीं, बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। मनल की इस उपलब्धि से मैनपुरी में खुशी और उत्साह की लहर दौड़ गई है। आज मैनपुरी की धरती पर अपने इस होनहार सितारे का जोरदार स्वागत किया जा रहा है। मनल चौहान के स्वागत के लिए भव्य रोड शो का आयोजन किया जाएगा। स्वागत कार्यक्रम की शुरुआत सिंधिया तिराहे से होगी। यहां से उनका रोड शो क्रिश्चियन तिराहा होते हुए स्टेशन रोड से गुजरेगा और आशीर्वाद मैरिज होम पहुंचकर भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह में तब्दील होगा। मनल चौहान की इस उपलब्धि ने मैनपुरी के युवाओं में एक नई उम्मीद और जोश भर दिया है। अब जिले के दूसरे होनहार खिलाड़ी भी बड़े मंच पर भारत के लिए खेलने का सपना देख रहे हैं। मैनपुरी के लोगों के लिए यह गर्व और गौरव का क्षण है। हर तरफ अपने इस लाल के स्वागत की तैयारियां और उत्साह देखने को मिल रहा है। मनल चौहान ने साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी बड़े शहर की मोहताज नहीं होती, शहरों और गांवों से भी देश के सितारे निकलते हैं!
पूरी ख़बरें देखें — News Update