उमा पैलेस-2 में परिवार, शुभचिंतकों एवं गणमान्य लोगों ने अर्पित की पुष्पांजलि, 30 दीप प्रज्वलित कर दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि; गौसेवा एवं श्वान पशुओं को कराया गया भोजन लखनऊ। उमा ग्रुप ऑफ कंपनी के संस्थापक एवं चेयरमैन रौशन सिंह 'चंदन' की पूज्य माता स्वर्गीय श्रीमती देवमती देवी जी के गोलोकवासी होने के एक माह पूर्ण होने पर उमा पैलेस-2 में श्रद्धा, भक्ति एवं भावनाओं से ओतप्रोत विशेष धार्मिक आयोजन किया गया। इस अवसर पर परिवारजनों एवं शुभचिंतकों की उपस्थिति में विधि-विधान के साथ पूजन-अर्चन, मंत्रोच्चार एवं श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने माँ देवमती देवी जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उनकी स्मृति में 30 दीप प्रज्वलित किए गए। पूरे वातावरण में भक्ति, श्रद्धा और मातृस्मृति की भावपूर्ण अनुभूति देखने को मिली। पूजन कार्यक्रम आचार्य मनोज पाण्डेय जी के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत संपन्न हुआ। धार्मिक अनुष्ठान के उपरांत गौमाता को भोजन कराया गया तथा श्वान पशुओं को भी भोजन कराकर सेवा और करुणा का संदेश दिया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी सहकारिता प्रकोष्ठ के चेयरमैन कृपाशंकर मिश्रा, प्रेम गुप्ता, अमित गुप्ता, इकरार अहमद, जीतू गुप्ता, मलिहाबाद विधानसभा से जन प्रगति पार्टी के प्रत्याशी बब्लू कुमार सोनू, बबुना शर्मा, स्वामी नाथ यादव, मनीष उमराँव सहित अनेक गणमान्य लोगों एवं शुभचिंतकों ने उपस्थित होकर माँ के चित्र पर पुष्प अर्पित किए और परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएँ व्यक्त कीं। इस भावुक अवसर पर रौशन सिंह 'चंदन' ने अपनी माता को स्मरण करते हुए कहा कि माँ का स्थान संसार में कोई नहीं ले सकता। उनका स्नेह, संस्कार, आशीर्वाद और जीवन में दिए गए आदर्श हमेशा परिवार के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे। माँ भले ही भौतिक रूप से हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके संस्कार और स्मृतियाँ सदैव हमारे हृदय में जीवित रहेंगी। कार्यक्रम के अंत में स्वर्गीय देवमती देवी जी की बहू श्रीमती बीणा सिंह एवं पौत्र अखंड प्रताप सिंह ने आयोजन में शामिल होकर श्रद्धांजलि अर्पित करने वाले सभी अतिथियों, शुभचिंतकों एवं परिवार के सहयोगियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। माँ की स्मृतियों को नमन करते हुए परिवार ने सेवा, संस्कार, परोपकार एवं मानवता के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ने का संकल्प दोहराया।
पूरी ख़बरें देखें — News Update