धातकीडीह और परसुडीह के मतदान केंद्रों पर प्रपत्र-6 की सुपर चेकिंग, नो मैपिंग एवं लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी वाले मतदाताओं के दस्तावेजों की हुई जांच जमशेदपुर, झारखंड। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत जिला उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देशानुसार जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बुधवार को ‘एक और अवसर कैंप’ का आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची में पात्र नागरिकों का नाम शामिल कराने तथा मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना है। इस दौरान जिला उपायुक्त राजीव रंजन ने धातकीडीह एवं परसुडीह स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां प्रपत्र-6 के आवेदनों की सुपर चेकिंग की तथा नो मैपिंग, लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी एवं अन्य श्रेणियों में चिह्नित मतदाताओं के अभिलेखों और दस्तावेजों का सत्यापन किया। निरीक्षण के दौरान मतदाता सूची पुनरीक्षण से संबंधित कार्यों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देशित किया गया कि पात्र मतदाताओं के आवेदनों और दस्तावेजों की जांच निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप सावधानीपूर्वक सुनिश्चित करें। जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। इसके लिए विशेष कैंप के माध्यम से मतदाताओं को एक और अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि वे आवश्यक प्रपत्र एवं दस्तावेज जमा कर मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने की प्रक्रिया पूरी कर सकें। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपने नाम एवं विवरण की जांच करें तथा किसी प्रकार की त्रुटि या नाम छूटने की स्थिति में संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करें।
पूरी ख़बरें देखें — News Update