गृह प्रवेश सह परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए विधायकगण, लाभुकों को सौंपी गई घर की चाबी और उपहार; जरूरतमंद परिवारों के चेहरे पर खिली खुशी जमशेदपुर, झारखंड। झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत जिले में जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को लाभान्वित करने का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में जिला उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देशानुसार पोटका एवं जमशेदपुर सदर प्रखंड में गृह प्रवेश सह परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में माननीय विधायकगण शामिल हुए और लाभुकों को सांकेतिक रूप से नए घर की चाबी, उपहार एवं विभिन्न परिसंपत्तियां प्रदान कीं। अबुआ आवास योजना के तहत पोटका प्रखंड में 25 तथा जमशेदपुर सदर प्रखंड में 20 लाभुकों को नए आवास की सौगात मिली। इस प्रकार दोनों प्रखंडों में कुल 45 परिवारों का अपने पक्के घर का सपना साकार हुआ। गृह प्रवेश के अवसर पर लाभुकों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने लाभुकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंद लोगों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। आवास जैसी बुनियादी सुविधा मिलने से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित आश्रय मिलेगा तथा उनके जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा।
पूरी ख़बरें देखें — News Update