मानवाधिकार मीडिया
photo

JAMSHEDPUR : जनजातीय गौरव वर्ष पर CSIR-NML में भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर भव्य कार्यक्रम, सांसद विद्युत वरण महतो हुए शामिल

MANINDAR MANISH • Reporter • East Singhbhum • 🕐 18 Nov 2026, 06:24 PM

जनजातीय विद्यार्थियों को खनिज, धातु एवं सामग्री विज्ञान की दी गई जानकारी, सांसद ने कहा- पारंपरिक ज्ञान और आधुनिक विज्ञान का समन्वय बनाएगा उज्ज्वल भविष्य की राह जमशेदपुर, झारखंड। जनजातीय गौरव वर्ष एवं धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के पावन अवसर पर CSIR-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (CSIR-NML), जमशेदपुर के ऑडिटोरियम में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत, समृद्ध परंपरा, पारंपरिक ज्ञान, कला एवं संस्कृति को सम्मान देने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। साथ ही जनजातीय विद्यार्थियों के लिए खनिज, धातु एवं सामग्री (Minerals, Metals and Materials) विषय पर आधारित विशेष ज्ञानवर्धक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को विज्ञान एवं तकनीकी क्षेत्र की संभावनाओं से परिचित कराने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद विद्युत वरण महतो ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के महान आदर्शों, उनके संघर्ष और देश के स्वतंत्रता आंदोलन में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, स्वाभिमान, साहस और सामाजिक जागरूकता का प्रतीक है। उनके विचार और आदर्श आज भी समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। सांसद ने जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपरा एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज का पारंपरिक ज्ञान हमारी अमूल्य धरोहर है। इसे आधुनिक विज्ञान, तकनीक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ जोड़कर नई पीढ़ी के लिए बेहतर अवसर तैयार किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि पारंपरिक ज्ञान और आधुनिक विज्ञान का समन्वय जनजातीय विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव साबित होगा। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के साथ-साथ उन्हें शिक्षा, अनुसंधान और तकनीकी क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगे।

शेयर करें: WhatsApp Facebook Telegram
पूरी ख़बरें देखें — News Update
© 2026 मानवाधिकार मीडिया
👁️ हमारे पाठक — Visitors
📅 आज के विज़िटर्स
45,487
Today's Visitors
🏆 कुल विज़िटर्स
10,37,157
Total Visitors