बक्शा पुलिस सख्त, डीजे संचालकों को नोटिस जारी कर दी चेतावनी, भरवाया सत्यापन प्रमाण पत्र रात 10 बजे के बाद डीजे बजाने पर रहेगा प्रतिबंध, नियमों का उल्लंघन करने पर होगी वैधानिक कार्रवाई बक्शा, जौनपुर। ध्वनि प्रदूषण पर अंकुश लगाने और शासन के नियमों का कड़ाई से पालन कराने को लेकर बक्शा पुलिस ने डीजे संचालकों के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है। थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह ने थाना क्षेत्र के सभी डीजे संचालकों को नोटिस जारी कर शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं कानूनों का पालन करने की सख्त हिदायत दी है। इसी क्रम में पुलिस ने थाना क्षेत्र के डीजे संचालक अभिषेक चौरसिया से डीजे सत्यापन प्रमाण पत्र भरवाकर नियमों का पालन करने का शपथ पत्र भी लिया। प्रमाण पत्र में डीजे संचालक ने आश्वासन दिया कि प्रत्येक बुकिंग की सूचना स्थानीय थाने, हल्का उपनिरीक्षक अथवा बीट पुलिसकर्मी को दी जाएगी। सत्यापन प्रमाण पत्र के अनुसार डीजे संचालन में ध्वनि प्रदूषण (विनियमन एवं नियंत्रण) नियम 2000, उच्च न्यायालय के निर्देशों तथा उत्तर प्रदेश सरकार की गाइडलाइन का पालन करना अनिवार्य होगा। डीजे का साउंड सिस्टम वाहन की बॉडी से बाहर नहीं लगाया जाएगा और निर्धारित ध्वनि मानकों का उल्लंघन नहीं किया जाएगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि रात्रि 10 बजे के बाद डीजे संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा अभद्र, अश्लील तथा किसी की धार्मिक या सामाजिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले गाने बजाने की अनुमति नहीं होगी। डीजे संचालक ने प्रमाण पत्र के माध्यम से यह भी आश्वासन दिया कि उनके या उनके कर्मचारियों द्वारा निर्धारित नियमों एवं शर्तों का उल्लंघन किए जाने पर वे वैधानिक कार्रवाई के जिम्मेदार होंगे। थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह ने सभी डीजे संचालकों को निर्देशित किया कि शासन के नियमों का पालन करते हुए ही डीजे का संचालन करें। पुलिस की इस कार्रवाई से नियमों की अनदेखी करने वाले डीजे संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का उद्देश्य ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण लगाने के साथ आमजन को अनावश्यक शोर-शराबे से राहत दिलाना है।
पूरी ख़बरें देखें — News Update