रायबरेली। जिले के विकास भवन परिसर में किसानों की छह सूत्रीय मांगों को लेकर किसान कल्याण एसोसिएशन के बैनर तले अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू हो गया है। किसानों ने अपनी विभिन्न समस्याओं के समाधान और संबंधित मामलों में प्रशासनिक हस्तक्षेप की मांग उठाई है। धरना रात-दिन लगातार जारी है। धरने की अध्यक्षता किसान कल्याण एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष सदाशिव पांडेय ने की, जबकि संचालन चौबे बाबा ने किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालता प्रसाद शुक्ल मौजूद रहे। धरने में उठाई गईं छह प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं— 1. मायादेवी पत्नी रमेश बाबू सैनी, निवासी ग्राम कंदरावां, तहसील ऊंचाहार की बरसात में गिरी पशुशाला का निर्माण विपक्षियों द्वारा रोके जाने का आरोप है। किसानों ने पशुशाला का निर्माण दोबारा कराए जाने की मांग की। 2. घनश्याम सिंह, निवासी पूरे खुशियाल, मजरे नसीराबाद देहात, तहसील सलोन के खेत की हिस्से के बंटवारे के बाद गिराई गई मेड़ को पुनः बनवाया जाए। 3. दिलीप कुमार, निवासी ग्राम धनकेशरा, मजरे पूरबनायन, तहसील सलोन के घर तक जाने वाला रास्ता खुलवाया जाए। 4. राजकुमार पाल, निवासी चतुरपुर, तहसील सलोन को उनकी पैतृक भूमि पर निर्माण कार्य करने दिया जाए। 5. तहसील सदर के बेंहटा खुर्द गांव में चारागाह और खाद गड्ढे की भूमि से अवैध कब्जा हटवाया जाए। 6. पूरे खुशियाल, नसीराबाद देहात के मुख्य मार्ग पर खड़ंजे से अतिक्रमण हटवाकर रास्ते को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए। धरने में अजय बाजपेयी, रामपियारे, लालू सिंह, माया, कुसमा पांडेय, संगीता, अनारा देवी सहित सैकड़ों किसान उपस्थित रहे। किसान नेताओं का कहना है कि जब तक किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता, तब तक धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। विकास भवन परिसर में शुरू हुआ यह अनिश्चितकालीन आंदोलन अब प्रशासन के लिए किसानों की मांगों पर प्रभावी कार्रवाई करने की चुनौती बन गया है।
पूरी ख़बरें देखें — News Update