दोमुहानी घाट पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब जमशेदपुर, झारखंड। लोकआस्था, पवित्रता और सूर्योपासना के महापर्व छठ के अंतिम अनुष्ठान के अवसर पर सोनारी स्थित दोमुहानी घाट पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सोमवार की सुबह व्रतियों एवं श्रद्धालुओं ने उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन व्रत का समापन पूरे विधि-विधान और भक्तिमय वातावरण में हुआ। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना कर सभी के सुखमय जीवन की कामना की। उन्होंने प्रार्थना करते हुए कहा कि उदीयमान सूर्य सभी भक्तों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का प्रकाश फैलाएं। छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सभी मनोकामनाएं पूर्ण हों तथा हर परिवार में खुशहाली बनी रहे। दोमुहानी घाट पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही और छठी मैया के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
पूरी ख़बरें देखें — News Update