गोण्डा में छठ महापर्व की धूम,उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का किया गया समापन उत्तर प्रदेश के गोण्डा जिले में लोक आस्था का महापर्व छठ बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। चार दिवसीय छठ महापर्व के अंतिम दिन आज सुबह व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही छठ महापर्व का विधिवत समापन हो गया। देखिए गोण्डा से यह खास रिपोर्ट। तस्वीरें गोण्डा की हैं, जहां लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। छठ महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। घाटों पर सुबह से ही व्रती महिलाओं और उनके परिजनों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन व्रत में श्रद्धालु पूरी निष्ठा और पवित्रता के साथ छठी मैया और भगवान सूर्य की आराधना करते हैं। नहाय-खाय और खरना के बाद व्रती महिलाओं ने निर्जला व्रत रखकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया और आज सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान छठ घाटों पर आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सिर पर पूजा की टोकरी, सजे हुए दउरा, फल-फूल और पारंपरिक प्रसाद के साथ श्रद्धालु घाटों पर पहुंचे। छठी मैया के पारंपरिक गीतों और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। मान्यता है कि छठी मैया और भगवान सूर्य की उपासना करने से परिवार में सुख-शांति, समृद्धि और संतान की खुशहाली बनी रहती है। यही वजह है कि इस महापर्व को लेकर लोगों में विशेष उत्साह और गहरी आस्था देखने को मिलती है। फिलहाल, उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही गोण्डा में चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन हो गया। श्रद्धा, विश्वास और लोक परंपरा का यह पर्व एक बार फिर सामाजिक एकता और धार्मिक आस्था का संदेश दे गया।
पूरी ख़बरें देखें — News Update