सड़क के बीच खड़ा बिजली का खंभा बना हादसों का सबब, ग्रामीणों ने किया धरना-प्रदर्शन चहनिया क्षेत्र के बैराठ नवोदय विद्यालय के पास सड़क के बीच खड़े बिजली के खंभे को हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन करते ग्रामीण। चहनिया क्षेत्र के बैराठ-रामगढ़ मुख्य मार्ग पर बैराठ नवोदय विद्यालय के समीप सड़क के बीचोंबीच खड़ा बिजली का खंभा राहगीरों के लिए खतरे का सबब बना हुआ है। सड़क चौड़ीकरण के बाद खंभा सड़क के बीच आ जाने से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इसके बावजूद बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता के चलते अब तक खंभे को सड़क के किनारे नहीं कराया जा सका है। विभाग की अनदेखी से नाराज ग्रामीणों ने शनिवार को सड़क पर उतरकर धरना-प्रदर्शन किया और खंभे को तत्काल हटाने की मांग उठाई। ग्रामीणों के अनुसार, बाबा कीनाराम मठ के चौमुखी विकास की योजना के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाबा कीनाराम जन्मोत्सव के दौरान क्षेत्र के विकास को लेकर कई घोषणाएं की थीं। इसी क्रम में सराय रसूलपुर मार्ग का चौड़ीकरण कराया जा रहा है। सड़क चौड़ी होने के बाद पहले से लगा बिजली का खंभा सड़क के बीचोंबीच आ गया है। इससे दिन-रात आवागमन करने वाले वाहन चालकों को काफी परेशानी हो रही है। खासकर रात के अंधेरे में खंभा दिखाई नहीं देने से दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है।ग्रामीणों का कहना है कि इस गंभीर समस्या से बिजली विभाग के सक्षम अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन हर बार शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। आए दिन हो रही दुर्घटनाओं के बावजूद विभाग की चुप्पी से लोगों में आक्रोश है। धरना-प्रदर्शन के माध्यम से ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए मांग की कि किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार किए बिना बिजली के खंभे को तत्काल सड़क के किनारे कराया जाए, ताकि आवागमन सुरक्षित हो सके। धरना-प्रदर्शन में मुख्य रूप से अभेन्द्र कुमार यादव, प्रधान बबलू सोनकर, सविंद्र यादव, शैलेंद्र सोनकर, अरविंद यादव, सोनू यादव, गोरख यादव, सुनील यादव, बृजेश, दुर्गेश, लक्ष्मण लाल, बहादुर, गोलू यादव सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
पूरी ख़बरें देखें — News Update