23 से 25 नवंबर तक आयोजित होगा कार्तिक पूर्णिमा मेला, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश रायबरेली। कार्तिक पूर्णिमा मेले और गंगा स्नान पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने डलमऊ स्थित गंगा घाटों एवं मेला स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने 23, 24 और 25 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले मेले की तैयारियों को परखा और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा मेला जनपद का प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन है। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्नानार्थियों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने घाटों पर साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, चिकित्सा सुविधा और पार्किंग की समुचित व्यवस्था समय से पूरी कराने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि घाटों पर भीड़ नियंत्रण के लिए प्रभावी इंतजाम किए जाएं और मेला क्षेत्र में व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी हो। किसी भी स्तर पर कमी मिलने पर तत्काल उसे दूर कराया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना न करना पड़े। वहीं, पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने पुलिस अधिकारियों को मेले के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने और भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने तथा श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाए रखने पर जोर दिया। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश देते हुए कहा कि कार्तिक पूर्णिमा मेला एवं मुख्य स्नान पर्व को सुरक्षित, स्वच्छ और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विशाल यादव, उप जिलाधिकारी डलमऊ प्रीति सिंह, क्षेत्राधिकारी डलमऊ गिरिजा शंकर त्रिपाठी उपस्थित रहे।
पूरी ख़बरें देखें — News Update