5 नवंबर को महाराणा प्रताप चौक से निकलेगी ‘रन फॉर क्लीनलिनेस’ रैली, स्वर्णरेखा छठ घाट पर स्वच्छता अभियान के साथ होगा समापन; 17 से 24 नवंबर तक पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर होंगी विभिन्न गतिविधियां जमशेदपुर, झारखंड। झारखंड राज्य स्थापना दिवस एवं स्थापना दिवस पखवाड़ा के सफल और भव्य आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिला उपायुक्त राजीव रंजन ने डीडीसी, एसडीओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में आयोजन से जुड़ी तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने सभी कार्यक्रमों को निर्धारित समय पर और आपसी समन्वय के साथ सफलतापूर्वक संपन्न कराने पर जोर दिया। बैठक में निर्णय लिया गया कि 15 नवंबर को झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर सुबह 7 बजे महाराणा प्रताप चौक से ‘रन फॉर क्लीनलिनेस’ (स्वच्छता के लिए दौड़) का शुभारंभ होगा। यह दौड़ स्वर्णरेखा छठ घाट तक पहुंचेगी, जहां स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके माध्यम से आम नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया जाएगा। वहीं, स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत 17 से 24 नवंबर तक पंचायत, प्रखंड एवं जिला स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें खेलकूद प्रतियोगिताओं के साथ सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियां शामिल रहेंगी। इन आयोजनों के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने और युवाओं की सहभागिता बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके अलावा 26 से 28 नवंबर तक रांची के खेलगांव में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह में जिले की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने को लेकर भी चर्चा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया। उपायुक्त राजीव रंजन ने स्पष्ट किया कि झारखंड स्थापना दिवस राज्य की गौरवशाली पहचान, संघर्ष और विकास यात्रा का प्रतीक है। इसलिए स्थापना दिवस पखवाड़ा के सभी कार्यक्रमों को जनभागीदारी के साथ सफल बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
पूरी ख़बरें देखें — News Update