कालाबाजारी पर अंकुश लगाने को लेकर तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन महराजगंज। जनपद के नौतनवा तहसील क्षेत्र में रसोई गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और अधिक दामों पर बिक्री को लेकर किसान नेता व अधिवक्ता नागेंद्र शुक्ला ने आंदोलन की चेतावनी दी है। उन्होंने एसडीएम की अनुपस्थिति में तहसीलदार कर्ण सिंह को ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि यदि 20 नवंबर तक अवैध कारोबार पर रोक नहीं लगी तो वे अनिश्चितकालीन क्रमिक अनशन शुरू करेंगे। इससे पूर्व किसान नेता नागेंद्र शुक्ला की शिकायत पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की थी। जोगियाबारी एकसड़वा में भारी सुरक्षा बल के बीच थानाध्यक्ष अभय नारायण सिंह चौकी इंचार्ज पंकज सिंह आपूर्ति निरीक्षक हर्षवर्धन श्रीवास्तव और क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी धर्मेंद्र यादव की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर अवैध गैस सिलेंडर जब्त किए थे।तहसीलदार को सौंपे ज्ञापन में श्री शुक्ला ने आरोप लगाया कि नौतनवा तहसील के महादेवा बसडीला, लक्ष्मीपुर, समरधीरा, अड्डा बाजार, खोरिया, मोगलहा, तुलसीपुर, मुगली बाजार, भगवानपुर, बरगदवा बाजार, राजाबारी समेत नौतनवा और सोनौली शहर में एचपी, इंडेन और भारत गैस के सिलेंडर 1500 से 2000 रुपये तक बेचे जा रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों पर व्यावसायिक सिलेंडर का उपयोग होना चाहिए लेकिन अधिकारियों की मिलीभगत से वहां धड़ल्ले से घरेलू गैस सिलेंडर खपाए जा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि समय रहते कार्रवाई न होने पर 20 नवंबर से शुरू होने वाले अनशन की पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
पूरी ख़बरें देखें — News Update