श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश, पूजा से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के आदेश रायबरेली। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। पर्व को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए गुरुवार को जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने राजघाट एवं शहीद स्मारक स्थित सई नदी घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने घाटों पर चल रही तैयारियों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने घाटों पर साफ-सफाई, भूमि समतलीकरण, बैरिकेडिंग, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और शौचालय सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति देखी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि छठ पूजा से पहले सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं, ताकि व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
पूरी ख़बरें देखें — News Update