मानवाधिकार मीडिया
photo

JAMSHEDPUR : लंबित विकास योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें अधिकारी : उपायुक्त

MANINDAR MANISH • Reporter • East Singhbhum • 🕐 12 Nov 2026, 10:08 PM

जिला योजना, ग्रामीण विकास और सांसद-विधायक मद की योजनाओं की डीसी ने की समीक्षा, कार्यों की प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश जमशेदपुर, झारखंड। जिला उपायुक्त राजीव रंजन ने जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में जिला योजना, ग्रामीण विकास, नीति आयोग तथा सांसद एवं विधायक मद से संचालित योजनाओं की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। इस दौरान उपायुक्त ने लंबित योजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अधूरे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूर्ण कराएं, ताकि विकास योजनाओं का लाभ आम जनता तक समय पर पहुंच सके। उपायुक्त ने सभी कार्यपालक अभियंताओं को निर्देश दिया कि उनके विभाग के अंतर्गत संचालित योजनाओं का अद्यतन प्रतिवेदन उप विकास आयुक्त (डीडीसी) कार्यालय में अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं। प्रतिवेदन में प्रत्येक योजना की जियो-टैग तस्वीर, एकरारनामा राशि, कार्य प्रारंभ होने की तिथि तथा कार्य पूर्ण होने की निर्धारित तिथि का स्पष्ट उल्लेख होना चाहिए। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं की नियमित निगरानी करें और निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा कराएं। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर योजनाओं के समयबद्ध निष्पादन को सुनिश्चित करें।

शेयर करें: WhatsApp Facebook Telegram
पूरी ख़बरें देखें — News Update
© 2026 मानवाधिकार मीडिया