मानवाधिकार मीडिया
photo

JAMSHEDPUR : ग्रामीण अपराध नियंत्रण को लेकर SSP सख्त, लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन और फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी

MANINDAR MANISH • Reporter • East Singhbhum • 🕐 12 Nov 2026, 08:35 PM

छठ पूजा को लेकर पुलिस अधिकारियों को सतर्कता बरतने का निर्देश, अवैध हथियार तस्करों और ड्रग्स पेडलरों पर होगी कड़ी कार्रवाई जमशेदपुर, झारखंड। पूर्वी सिंहभूम जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) डॉ. ऐहतेशाम वकारिब के निर्देशानुसार पुलिस कार्यालय के सभागार में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने की। बैठक में ग्रामीण क्षेत्र के सभी पुलिस उपाधीक्षकों एवं पुलिस निरीक्षक-सह-थाना प्रभारियों ने भाग लिया। अपराध गोष्ठी के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में दर्ज विभिन्न आपराधिक मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान लंबित कांडों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने, न्यायालय से निर्गत वारंट एवं कुर्की आदेशों का शीघ्र अनुपालन करने तथा फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों को पासपोर्ट सत्यापन के कार्यों में भी तेजी लाने को कहा गया। बैठक में अवैध हथियारों की तस्करी एवं मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर विशेष रूप से चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि अवैध हथियार तस्करों और ड्रग्स पेडलरों की पहचान कर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करें, ताकि क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके। इसके अलावा पुलिस कार्यप्रणाली को आधुनिक एवं तकनीकी रूप से मजबूत बनाने के लिए CCTNS, ICJS एवं e-Sakshya के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को इन डिजिटल प्रणालियों का बेहतर उपयोग करते हुए कार्यों में पारदर्शिता एवं तेजी लाने का निर्देश दिया गया। छठ पूजा को लेकर विशेष सतर्कता के निर्देश आगामी लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर भी विशेष दिशा-निर्देश दिए गए। घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस बल को सतर्क एवं सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया।

शेयर करें: WhatsApp Facebook Telegram
पूरी ख़बरें देखें — News Update
© 2026 मानवाधिकार मीडिया