मानवाधिकार मीडिया
photo

बक्शा ब्लॉक में विधिक सेवा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, ग्रामीणों को दी गई कानूनी अधिकारों की जानकारी

पंकज विश्वकर्मा • Distt Reporter • Jaunpur • 🕐 11 Nov 2026, 03:46 PM

बक्शा ब्लॉक में विधिक सेवा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, ग्रामीणों को दी गई कानूनी अधिकारों की जानकारी निःशुल्क कानूनी सहायता और न्याय पाने के तरीकों से कराया गया अवगत, अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने लिया जागरूकता फैलाने का संकल्प बक्शा, जौनपुर। राष्ट्रीय विधिक सेवा जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार, 11 नवंबर को विकास खंड बक्शा परिसर में विधिक सेवा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एडीओ (आरडी) संजय श्रीवास्तव ने की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संजय श्रीवास्तव ने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपने कानूनी अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी होना बेहद जरूरी है। विशेष रूप से गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों तक निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी पहुंचाना तथा उन्हें न्याय पाने के प्रति जागरूक करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि विधिक जागरूकता से ही लोग अपने अधिकारों के प्रति सजग होंगे और आवश्यकता पड़ने पर कानूनी सहायता प्राप्त कर सकेंगे। कार्यक्रम में विकास खंड के अधिकारी एवं कर्मचारी, सफाईकर्मी, ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। इस दौरान केशरी प्रसाद, रविंद्र प्रताप सहित अन्य लोगों ने भी सहभागिता की। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को निःशुल्क कानूनी सहायता, विधिक सेवाओं और न्याय प्राप्त करने के उपलब्ध माध्यमों की जानकारी दी गई। साथ ही उपस्थित लोगों ने विधिक जागरूकता का संदेश गांव-गांव तक पहुंचाने में सहयोग करने का संकल्प लिया।

पूरी ख़बरें देखें — News Update
© 2026 मानवाधिकार मीडिया