भदोखर गांव में अवैध शराब बनाने के ठिकानों पर दी गई दबिश, दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज रायबरेली। जनपद में अवैध कच्ची शराब के निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग की ओर से विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आबकारी विभाग की टीम ने भदोखर थाना क्षेत्र के ग्राम भदोखर में छापेमारी कर 20 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। साथ ही मौके पर 200 किलोग्राम लहन नष्ट कराया गया। जिला आबकारी अधिकारी के नेतृत्व में आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 प्रशांत कुमार ने अपनी टीम के साथ सदर तहसील के ग्राम भदोखर में कच्ची शराब बनाने के अड्डों और संदिग्ध घरों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान अवैध शराब बरामद होने के साथ ही बड़ी मात्रा में लहन भी मिला, जिसे टीम ने मौके पर ही नष्ट करा दिया। आबकारी विभाग ने इस मामले में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत कुल दो अभियोग पंजीकृत किए हैं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।
पूरी ख़बरें देखें — News Update