रायबरेली। जिले के लालगंज कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। फतेहपुर रोड पर रात करीब आठ बजे रोडवेज बस और बारात में जा रही दो कारों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं, जिनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया। जानकारी के मुताबिक, फतेहपुर की ओर जा रही रोडवेज बस की सामने से आ रही बारात की दो कारों से अलग-अलग टक्कर हो गई। पुलिस के अनुसार, दोनों कारों में सवार लोग उन्नाव जनपद के पुरवा थाना क्षेत्र में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान लालगंज क्षेत्र के फतेहपुर रोड पर यह हादसा हो गया। दुर्घटना में नफीसुन निशा पत्नी मोहम्मद अफाक निवासी महाराजगंज की मौत हो गई। वहीं आयत (6 वर्ष) पुत्री मोहम्मद आरिफ और अरकाम (8 वर्ष) पुत्र मोहम्मद इरफान की हालत गंभीर होने पर उन्हें रेफर किया गया। इसके अलावा मोहम्मद साजिद (34), मोइनुद्दीन (30), मोहम्मद इरशाद (35), मोहम्मद अफरोज (30), दिलशाद (35) और रहीम (75) समेत अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों का लालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार कराया गया। पुलिस के मुताबिक शोएब, वसीम परवीन, इरफान और रेहाना सहित अन्य लोग भी दुर्घटना में घायल हुए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी लालगंज और प्रभारी निरीक्षक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था कराई। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की आवश्यक प्रक्रिया की जा रही है। वहीं जिला अस्पताल में अपर जिलाधिकारी न्यायिक विशाल यादव, अपर पुलिस अधीक्षक और उपजिलाधिकारी लालगंज राजेश श्रीवास्तव भी मौजूद रहे। पुलिस के अनुसार मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। शादी समारोह में शामिल होने जा रहे परिवारों के लिए यह सफर जिंदगी भर का दर्द बन गया। जिस घर में शादी की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां हादसे की खबर से मातम छा गया।
पूरी ख़बरें देखें — News Update